Top 5 This Week

Related Posts

सीवान में होली पर डीएम–एसपी सख्त:2 से 4 मार्च तक विशेष निगरानी, अश्लील गानों-हुड़दंग पर कार्रवाई, शराब व अफवाहों पर कड़ी नजर


सीवान में होली पर्व के मद्देनज़र जिले में विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रये और पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से ब्रीफिंग कर अहम दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए और रिस्पांस टाइम न्यूनतम रखा जाए। डीएम ने बताया कि 02 मार्च की मध्य रात्रि से होलिका दहन, 03 मार्च को आतर तथा 04 मार्च को होली मनाई जाएगी। उन्होंने नगर परिषद को पर्व अवधि में साफ-सफाई की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बिजली विभाग को विशेष रूप से होलिका दहन स्थलों के आसपास लूज वायर की जांच कराने और शॉर्ट सर्किट की आशंका खत्म करने को कहा गया है। अग्निशमन विभाग को अलर्ट मोड में रहने तथा सिविल सर्जन को सभी सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों व एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक से जुड़ी 2 तस्वीरें… आपत्तिजनक सामग्री पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी
जिलाधिकारी ने होली के दौरान अश्लील गीतों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि डीजे या लोकगीतों में आपत्तिजनक सामग्री पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस अधीक्षक ने भी सभी थानों को डीजे, अश्लील गानों और हुड़दंग पर विशेष निगरानी रखने को कहा है। टैंपू और ई-रिक्शा में अश्लील गाना बजाते पकड़े जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अफवाहों पर पैनी नजर रखी जा रही
शराबबंदी कानून के सख्त अनुपालन पर जोर देते हुए डीएम ने कहा कि अवैध शराब बिक्री या सेवन की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। संवेदनशील स्थानों, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अर्ली मॉर्निंग व लेट नाइट पेट्रोलिंग की विशेष व्यवस्था रहेगी। लहरिया कट चलाने वाले बाइकर्स पर भी सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने जिलेवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि पर्व को आपसी सौहार्द, भाईचारे और शालीनता के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में कानून अपने हाथ में न लें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

Spread the love

Popular Articles