
प्रतिनिधि, गुठनी. थाना क्षेत्र के खाप जतौर के समीप शनिवार की देर शाम घात लगाकर अपराधियों ने एक अधेड़ को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये. घायल की पहचान जतौर निवासी सुनील सिंह (50) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार सुनील सिंह बाइक से एक वैवाहिक कार्यक्रम में नेवता देकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान खाप जतौर गांव के समीप पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली उनके पेट, कमर और हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. इसी दौरान आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर, नर्स और सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट व अभद्र व्यवहार किया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई. मारपीट की इस घटना में डॉ. मो शकील अहमद, गार्ड मुरारी खरवार, बिपिन यादव, चतुर्थवर्गीय कर्मी बाल्मीकि सिंह और एएनएम रीता देवी घायल हो गई. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील कुमार, एएसआई उपेंद्र यादव और पीटीसी जितेंद्र पंडित मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया. थानाध्यक्ष ने बताया पीड़ित के फर्द बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. वहीं परिजन घायल को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर लेकर चले गए, जहां उनका इलाज जारी हैं. एसडीपीओ ने किया घटनास्थल का निरीक्षण- थाना क्षेत्र के खाप जतौर गांव के समीप अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अधेड़ पर फायरिंग किए जाने की सूचना के बाद रविवार की दोपहर एसडीपीओ गौरी कुमारी घटनास्थल पर पहुंचीं. उन्होंने मौके का निरीक्षण किया तथा घायल अधेड़ के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली. एसडीपीओ ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा.
The post अधेड़ को मारी गोली, हालत गंभीर appeared first on Prabhat Khabar.




