![]()
रांची जिले के नामकुम थाने में एक नाबालिग के अपहरण और साक्ष्य छिपाने के मामले में गिरफ्तार अभियुक्त जगाई मुंडा ने पुलिस हाजत में आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद कार्रवाई तेज हो गई है। नामकुम थाना प्रभारी को मामले में नामित किया गया है और जांच का जिम्मा वरीय पुलिस अधीक्षक रांची ने दूसरे क्षेत्र के पुलिस निरीक्षक को सौंपा है। थाना हाजत में गिरफ्तार अभियुक्त की सुरक्षा और निगरानी में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। यह मामला वादिनी अंजु देवी (32) द्वारा नामकुम थाने में दर्ज कराई गई शिकायत से जुड़ा है। उन्होंने अपने बेटे 12 वर्षीय पुत्र रमेश हजाम के अपहरण का आरोप लगाया था, जिसमें उसे जान से मारने की नीयत बताई गई थी। जंगल से गिरफ्तार किया गया अनुसंधान के दौरान, प्राथमिकी अभियुक्त जगाई मुंडा (पिता स्व. लोदया मुंडा, कुड़ापूर्ति, थाना सायको, जिला खूंटी) को रामगढ़ जिले के घाटो थाना क्षेत्र स्थित भुंइयाडीह जंगल से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद, अपहृत और मृतक रमेश हजाम का शव बरामद किया गया। अभियुक्त से पूछताछ में पता चला कि उसका वादिनी अंजु देवी से पिछले 5-6 वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। जब अभियुक्त की पत्नी को इस अवैध संबंध की जानकारी हुई, तो अंजु देवी ने उससे मिलना-जुलना बंद कर दिया था। बेटे को जान से मार देने की दी थी धमकी इसी क्रम में, 1 मार्च को बीआईटी मेसरा रेल पटरी के पास दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इस दौरान, जगाई मुंडा ने अंजु देवी को धमकी दी थी कि यदि वह उसके अलावा किसी और से संबंध रखेगी, तो वह उसके बेटे को जान से मार देगा। इधर, बदले की भावना से 2 मार्च को अभियुक्त द्वारा वादिनी के बेटे को नावामसकल स्कूल बयांगडीह से अपहरण कर अपने बाइक से अपहृता को भुंइयाडीह जंगल में ले जाकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। वहीं, साक्ष्य छिपाने के नियत से अपहृत सह मृतक रमेश हजाम के चेहरे को पत्थर से बुरी तरह से कुचल दिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त जगाई मुंडा को अनुसंधानकर्ता द्वारा थाना परिसर में लाया गया और हाजत के नियमों का पालन करते हुए रात्रि ओडी पदाधिकारी सअनि प्रभुवन कुमार, दो हवलदार, एक आरक्षी एवं दो चौकीदार की निगरानी एवं सुरक्षा के लिए पहरा ड्यूटी में तैनात किया गया। रात में आरोपी जगाई मुंडा ने कंबल का धारी में लगा हुआ कपड़ा का उपयोग करते हुए थाना हाजत के लोहे के गेट में फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया गया। पांच पुलिसकर्मी को एसएसपी ने किया निलंबित
इस संबंध में नामकुम थाना युडी कांड सं-06/26 दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है। वहीं, मामले की संवेदनशीलता एवं गंभीरता को देखते हुए इस मामले की जांच पदाधिकारी रामकुमार वर्मा, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी, बुण्डु, रांची को नामित किया गया है। मानवाधिकार आयोग द्वारा दिए गए दिशा-निर्देश का अनुपालन करते हुए अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची द्वारा निगरानी एवं सुरक्षा के लिए पहरा ड्यूटी में तैनात पुलिस पदाधिकारी कर्मी सअनि प्रभुवन कुमार, हवलदार सुधीर शर्मा, गयानंद, आरक्षी मुकेश ठाकुर, राहुल प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
अपहरण हत्या मामले में आरोपी ने थाने में की आत्महत्या:दो मार्च को प्रेमिका के बेटे का किया था अपहरण, पांच पुलिसकर्मी निलंबित
Date:




