![]()
बेगूसराय में होली को लेकर प्रशासन अलर्ट है। प्रशासन की ओर से अपील की गई है कि सभी समुदाय के लोग आपसी भाइचारे के साथ त्योहार को बनाएं और शांति बनाए रखे। डीएम श्रीकांत शास्त्री ने बताया कि 19 फरवरी से पवित्र रमजान माह शुरू हो चुका है। 4 मार्च को होली और रमजान की गतिविधि एक साथ होने के कारण जिला प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता-निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। विधि-व्यवस्था के लिए पूरे जिले में धारा-144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दिया गया है। अश्लील गीत बजाने, हुड़दंग करने, जबरन रंग डालने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं और बालिकाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी से निगरानी होगी मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों और पहले से संवेदनशील रहे स्थानों पर विशेष पुलिस बल की तैनाती की गई है। इन क्षेत्रों में सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी। अनुमंडल-जिला स्तर पर क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) और पर्याप्त रिजर्व बल को अलर्ट मोड में रखा गया है। जिससे किसी भी आपात स्थिति से त्वरित रूप से निपटा जा सके। अग्निशमन विभाग को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिला मुख्यालय-अनुमंडल स्तर पर अग्निशमन वाहनों को तैयार रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 5 मार्च तक सदर अस्पताल और सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों व आवश्यक चिकित्सा कर्मियों की विशेष प्रतिनियुक्ति की गई है। जिससे आकस्मिक स्थिति में तुरंत चिकित्सा उपलब्ध कराई जा सके।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील जिला प्रशासन ने सभी लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। सोशल मीडिया पर किसी भी भड़काऊ, आपत्तिजनक या असत्य पोस्ट को साझा न करें। सोशल मीडिया गतिविधियों पर प्रशासन की निगरानी रखी जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या जिला नियंत्रण कक्ष को दें। सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया गया है। जिला शांति समिति की बैठक में सभी सदस्यों की ओर से दिए गए सुझाव को भी संयुक्त आदेश के माध्यम से क्रियान्वित किया जा रहा है। इसके साथ ही सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक की गई है।
अश्लील गाना या हुड़दंग मचाई तो होगी कार्रवाई:क्विक एक्शन के लिए तैयार है QRT, सोशल मीडिया पर रखी जा रही है नजर
Date:




