![]()
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर देवघर पहुंचे। उन्होंने यहां विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री का काफिला सीधे देवघर एयरपोर्ट से सत्संग आश्रम पहुंचा, जहां उन्होंने कुछ समय बिताया। इसके बाद वे वीआईपी गेट के रास्ते बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे। मंदिर और जिला प्रशासन की देखरेख में उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच गर्भगृह तक ले जाया गया। इस दौरान आम श्रद्धालुओं के प्रवेश को कुछ समय के लिए नियंत्रित किया गया। गर्भगृह में पहुंचकर मुख्यमंत्री ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पूजा के दौरान मंदिर के पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अनुष्ठान संपन्न कराया। पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने पुरोहितों से आशीर्वाद लिया और पारंपरिक रीति के अनुसार पूर्वजों की पोथी में अपना नाम भी दर्ज कराया। मंदिर प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को बाबा बैद्यनाथ का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सांसद निशिकांत दुबे भी इस दौरान उनके साथ रहे और पूरे कार्यक्रम की व्यवस्था पर नजर बनाए रखी। मंदिर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और किसी भी प्रकार के बयान देने से बचते रहे। उनके इस दौरे को पूरी तरह धार्मिक और निजी कार्यक्रम बताया जा रहा है। यह दौरा पूर्व निर्धारित था। देवघर पहुंचने के बाद उन्होंने सत्संग आश्रम और बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा कर अपनी यात्रा पूरी की। उनके आगमन को लेकर स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा और सुरक्षा व्यवस्था में कोई लापरवाही नहीं बरती गई।


