Top 5 This Week

Related Posts

आंजन धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़:कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु, किया गया सामूहिक हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ


गुमला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर स्थित आंजन धाम में गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। पवनसुत हनुमान की जन्मस्थली कहे जाने वाले इस स्थान पर सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। गुमला के अलावा रांची, लोहरदगा, सिमडेगा, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के जशपुर सहित कई स्थानों से हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचे। स्थानीय मंदिर विकास समिति और आयोजन समिति द्वारा 24 घंटे के अखंड हरिकीर्तन सह महाभंडारा का आयोजन किया गया। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने इसमें भाग लेकर पूजा-अर्चना की। मुख्य पुजारी केदारनाथ पंडा ने बताया कि पिछले करीब 25 वर्षों से लगातार महाभंडारा और अन्य धार्मिक अनुष्ठान भव्यता से आयोजित किए जा रहे हैं। केदारनाथ पंडा ने स्थानीय प्रशासन से कार्यक्रम में सहयोग न मिलने की बात भी कही। जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर में हनुमान जी को 56 भोग अर्पित किया गया। इसके बाद सामूहिक हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ किया गया। माता अंजनी और हनुमान के बाल्य रूप की पूजा विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ की गई। बाद में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मंदिर खोल दिया गया। दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के दरबार में हाजिरी लगाई। उन्होंने माता अंजनी और बाल्य हनुमान से परिवार सहित क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं ने झारखंड सरकार से आंजन धाम के समुचित विकास की भी मांग की। मान्यता के अनुसार, हनुमान की जन्मस्थली कहे जाने वाले इस आंजन गांव का नाम माता अंजनी के नाम पर पड़ा है। यहां पुरातन समय में रामायण बगीचा और रामायण से जुड़ी कई चीजें मौजूद हैं, जो इस क्षेत्र को एक अलग पहचान दिलाती हैं। कहा जाता है कि माता अंजनी यहीं निवास करती थीं और यहीं एक गुफा में उन्होंने हनुमान को जन्म दिया था। तभी से इस क्षेत्र का विशेष महत्व है।

Spread the love

Popular Articles