![]()
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने शनिवार को शिवहर जिले में आयोजित संगठन की बैठक के बाद बिहार में लागू शराबबंदी कानून पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर यह नीति इतनी अच्छी है तो इसे पूरे देश में क्यों नहीं लागू किया जाता। किशोर ने कहा कि वह बिहार में शराबबंदी की नीति को लेकर पहले भी सवाल उठाते रहे हैं और आज भी अपनी बात पर कायम हैं। उनके अनुसार, यह कानून समाज के हित में नहीं है। उन्होंने इसे ‘फर्जी कानून’ बताते हुए दावा किया कि आज नहीं तो कल, शराबबंदी हटेगी। उन्होंने एनडीए की ‘डबल इंजन’ सरकार पर निशाना साधते हुए पूछा, “अगर बिहार में शराबबंदी इतना अच्छा कानून है तो इसे पूरे देश में लागू कीजिए। दिल्ली में भी एनडीए की सरकार है, फिर वहां यह क्यों लागू नहीं है?” प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि अगर शराबबंदी से बिहार की महिलाओं और युवाओं को लाभ हो रहा है, तो फिर पूरे देश की महिलाओं और युवाओं को भी इसका फायदा मिलना चाहिए। जन सुराज के दबाव से राज्य में बढ़ी पेंशन राशि उन्होंने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि अगर यह इतनी बढ़िया योजना है तो पूरे देश में लागू होनी चाहिए, नहीं तो यह ‘दोहरी नीति’ है। किशोर ने यह भी दावा किया कि जन सुराज के दबाव के कारण ही राज्य में पेंशन राशि बढ़ी है और लोगों को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह जन सुराज के प्रयासों से ये फैसले हुए, उसी तरह शराबबंदी को लेकर भी बदलाव होगा।
आज नहीं तो कल शराबबंदी हटेगी-प्रशांत किशोर:बोले- 'फर्जी कानून',अगर अच्छी है तो पूरे देश में लागू क्यों नहीं करते?
Date:




