![]()
भास्कर न्यूज |गिरिडीह सोमवार को दिनभर मौसम का मिजाज बदला-बदला रहा। सुबह से दोपहर तक धूप-छांव की स्थिति बनी रही, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज हवा, गर्जन व चमक दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी इसी तरह के मौसम की संभावना जताते हुए जिले के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि की भी आशंका बनी हुई है। इस दौरान हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।मौसम विभाग ने 17, 18 और 19 मार्च के लिए आंधी, गर्जन और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग का अनुमान है कि 22 मार्च तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और दोपहर बाद कई स्थानों पर बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। देश में कई मौसम प्रणालियां सक्रिय : मौसम वैज्ञानिक मौसम वैज्ञानिक मधुकर कुमार के अनुसार इस समय देश में कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। उत्तरी पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ ऊपरी चक्रवाती घेरा बनाकर सक्रिय है। इसके अलावा असम और आसपास के क्षेत्रों में भी वायुमंडल में ऊपरी चक्रवाती परिसंचरण बन गया है। वहीं बंगाल की खाड़ी में बने गर्त के कारण नमी की आपूर्ति बढ़ रही है, जिससे कई राज्यों में मौसम अस्थिर बना हुआ है। मंगलवार से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके कारण अगले कुछ दिनों तक धूप-छांव के बीच आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग के पखवाड़े के पूर्वानुमान के अनुसार मार्च के दूसरे हिस्से में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होने के संकेत हैं। स्वास्थ्य को लेकर सावधान रहें लोग : डॉ. कुलदीप नारायण चिकित्सक डॉ. कुलदीप नारायण का कहना है कि मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण लोगों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए। तापमान में उतार-चढ़ाव से सर्दी, खांसी, वायरल बुखार और एलर्जी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में धूल और तेज हवा से बचाव करते हुए पर्याप्त पानी पीने और संतुलित आहार लेने की सलाह दी गई है। 20 से 26 मार्च के बीच 30 से 40 डिग्री तक रह सकता है तापमान 19 मार्च तक अधिकतम तापमान 29 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि 20 से 26 मार्च के बीच यह 30 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान 15 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
आज से 19 तक आंधी-बारिश व ओलावृष्टि का अलर्ट
Date:




