![]()
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े फायरिंग की घटना हुई। रेलवे अंडरग्राउंड ब्रिज के पास स्थित संजय इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान पर बाइक सवार अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैलाई। हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार, यह मामला चार दिन पहले हरिओम नगर में एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। उस घटना में दुकान मालिक संजय कुमार के 15 वर्षीय बेटे की कथित तौर पर पिटाई की गई थी। पिटाई का आरोप वार्ड 17 से प्रत्याशी रहे अमित रंजन उर्फ शानू सिंह, उसके भाई अमन सिंह, ऋषि तिवारी और अन्य लोगों पर लगा था। घायल किशोर का इलाज फिलहाल अस्पताल में चल रहा है। इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान पर हुई फायरिंग बताया जाता है कि उस मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया था, लेकिन काउंटर केस होने के कारण मामला ठंडे बस्ते में चला गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार को संजय इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान पर हुई फायरिंग के पीछे भी उसी पुराने विवाद की कड़ी जुड़ी हो सकती है। घटना के प्रत्यक्षदर्शी रवि कुमार ने बताया कि बाइक पर सवार चार अपराधी अचानक दुकान के सामने पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और लोग अपनी-अपनी दुकानों व घरों में छिप गए। सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के खोखे बरामद किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर अपराधियों की पहचान में जुट गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
आदित्यपुर में दिनदहाड़े दुकान पर फायरिंग:पुराने विवाद से जुड़ा मामला, बाइक सवार चार अपराधियों ने की वारदात
Date:




