![]()
औरंगाबाद में एक सड़क हादसे में घायल एक युवक की इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई। युवक अपने दो साथियों के साथ रोहतास जिले के गुप्ताधाम घूमने गया था। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक चला रहे युवक के साथी को झपकी आ गई, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। मृतक की पहचान रिसियप थाना क्षेत्र के जुड़ाही गांव के रहने वाले रामाशीष शर्मा के बेटे 22 साल के शिव शंकर कुमार के रूप में हुई है। हादसे में शिव शंकर कुमार के साथ बाइक पर बैठे अनीश और अभिषेक घायल हुए हैं। दोनों का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। अनीश चला रहा था बाइक, सिंदुरिया गांव के पास आई झपकी जानकारी के मुताबिक, अनीश बाइक चला रहा था। जैसे ही तीनों बारुण थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव के पास एनएच -19 पर पहुंचे, अचानक बाइक चालक अनीश को झपकी आई, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई और अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों की ओर से हादसे की जानकारी पुलिस और एनएचआई के एंबुलेंस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एनएचआई के एंबुलेंस से तीनों घायलों को औरंगाबाद सदर अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सकों ने अभिषेक और शिव शंकर की स्थिति नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। रविवार की देर रात दोनों को इलाज के लिए किसी दूसरे बड़े अस्पताल में ले जाया जा रहा था। इस दौरान शिव शंकर ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। उसकी मौत के बाद परिजन शव को लेकर घर पहुंचे। जहां रिसियप थाना की पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया। थाना अध्यक्ष संजीत राम ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद गांव में पसरा मातम सोमवार की सुबह जैसे ही पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव जुड़ाही गांव पहुंचा, परिजन से लिपटकर चीत्कार उठे। मृतक अपने तीन भाई बहनों में सबसे बड़ा था। फिलहाल उसकी शादी भी नहीं हुई थी। पढ़ाई लिखाई के अलावा कारपेंटर का काम अपने परिवार का भरण पोषण करता था। अभिषेक और बाइक चालक अनीश सगे भाई हैं। फिलहाल अभिषेक की भी स्थिति नाजुक बनी हुई है। जबकि अनीश खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
औरंगाबाद में सड़क हादसे में घायल युवक की मौत:अस्पताल ले जाने के दौरान तोड़ा दम, दोस्तों संग गुप्ताधाम गया था; अज्ञात वाहन की चपेट में आई बाइक
Date:




