![]()
औरंगाबाद में 20 मार्च को सीएम नीतीश कुमार आ रहे हैं। समृद्धि यात्रा को लेकर जिले के बारुण प्रखंड अंतर्गत मुंशी बिगहा में मुख्यमंत्री का यात्रा प्रस्तावित है। इस दौरान वे जिले को करोड़ों रुपए का सौगात देंगे। यात्रा के दौरान लगभग 1 हजार करोड़े रुपए की योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री की इस प्रस्तावित यात्रा के दौरान जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्यमंत्री की ओर से सात निश्चय से संबंधित योजनाओं के साथ-साथ जिले में संचालित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं का भी स्थल निरीक्षण किया जाएगा। औरंगाबाद आगमन के दौरान मुख्यमंत्री जिले की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और कार्यारंभ किए जाने की भी संभावना है। इस अवसर पर जिलास्तरीय योजनाओं की समीक्षा बैठक तथा जनसंवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जाना प्रस्तावित है, जिसमें आम नागरिक अपनी समस्याएं और सुझाव मुख्यमंत्री के समक्ष रख सकेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। डीएम एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
सोमवार को औरंगाबाद की जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक अमरीश राहुल ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध और मानक के अनुरूप पूरी की जाएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम में आने वाले आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं हों।
लोगों की सुविधाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने सभा स्थल, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता, संपर्क पथ, हेलीपैड, विभिन्न विभागों की ओर से लगाए जाने वाले योजनाओं के प्रदर्शनी स्टॉल, विभागीय बैठक स्थल और आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा कर लिया जाए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
सड़क मरम्मत के भी निर्देश इस दौरान जिलाधिकारी ने सभा स्थल पर निर्माणाधीन हेलीपैड का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि हेलीपैड का निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। इसके साथ ही पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को कार्यक्रम स्थल के आसपास की सड़कों की मरम्मत और समतलीकरण कार्य जल्द कराने का निर्देश दिया गया, जिससे कार्यक्रम में शामिल होने आने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा का होगा पुख्ता इंतजाम जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश और निकास मार्ग की समुचित व्यवस्था की जाए और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए विशेष योजना तैयार की जाए। इसके साथ ही पार्किंग व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया, ताकि वाहनों के कारण किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा जिले के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
निरीक्षण के वक्त ये अधिकारी रहे निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सदर संतन कुमार सिंह, डीसीएलआर सदर श्वेतांक लाल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, वरीय उपसमाहर्ता रितेश कुमार यादव, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, बारुण प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
औरंगाबाद में 20 मार्च को आएंगे सीएम:जिले में 1000 करोड़ रुपए की योजनाओं का करेंगे उद्घाटन, अधिकारियों ने तैयारियों का निरीक्षण किया
Date:




