![]()
औरंगाबाद में कुटुंबा प्रखंड स्थित सूर्य मंदिर पिपरा बगाही मटपा साड़ी परिसर में चौथे दहेज रहित सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ किया गया। सामाजिक समरसता और कुरीतियों के उन्मूलन के उद्देश्य से आयोजित इस समारोह में कुल 23 जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच एक-दूसरे का हाथ थामकर जीवनभर साथ निभाने की शपथ ली। पूरा परिसर मंगलगीतों, शहनाई की धुन और शुभकामनाओं से गूंज उठा। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कुटुंबा विधायक ललन राम उपस्थित रहे। उनके साथ समाजसेवी डॉ. विजय राज सिंह, सिद्धेश्वर विद्यार्थी, सांसद प्रतिनिधि राजीव रंजन, दीपक कुमार समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद थे। सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद, समृद्ध और खुशहाल वैवाहिक जीवन की कामना की। बेटे-बेटियों की शादी में कर्ज के बोझ तले दब रहे लोग मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि आज के दौर में लोग दिखावे और आडंबर के चक्कर में कर्ज लेकर शादियां करते हैं, जिससे परिवार आर्थिक बोझ तले दब जाते हैं। ऐसे सामूहिक और दहेज रहित विवाह समारोह समाज को सकारात्मक दिशा देने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों पर रोक लगाने में सहायक हैं, बल्कि बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं को भी हतोत्साहित करते हैं। विधायक ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल समाज के लिए अनुकरणीय है।समाजसेवी डॉ. विजय राज सिंह ने कहा कि सूर्य मंदिर समिति की ओर से पिछले कई वर्षों से दहेज रहित सामूहिक विवाह का आयोजन किया जा रहा है, जो समाज में एक प्रेरणादायक संदेश देता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे खर्चीली शादियों से बचें और ऐसे आयोजनों को बढ़ावा दें, जिससे समाज में समानता और भाईचारा मजबूत हो। आयोजन समिति की ओर से सभी नवदंपतियों को दैनिक उपयोग की वस्तुएं एवं उपहार प्रदान किए गए, जिससे उनके नए जीवन की शुरुआत सुगम हो सके। इनकी भूमिका रही सराहनीय समारोह को सफल बनाने में सूर्य मंदिर समिति के कई सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कुमुद रंजन मिश्रा, संजय कुमार सिन्हा, धर्मेंद्र कुमार सिंह, रोबोट गुप्ता, निशिकांत मिश्रा, पंकज वैद्य, कृपाल मेहता, राजू मेहता, बबन मेहता, अशोक कुमार सिंह, मुन्ना कुमार सिंह, मृत्युंजय विश्वकर्मा, रवि, सचिन, जयप्रकाश और श्रीराम पाठक समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने आयोजन की तैयारियों से लेकर विधि-विधान तक हर व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित किया। समिति के सदस्यों ने बताया कि उनका उद्देश्य समाज से दहेज जैसी कुप्रथा को जड़ से समाप्त करना है। सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां दहेज रहित सामूहिक विवाह उत्सव के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी भव्य आयोजन किया गया। स्थानीय कलाकार छोटू छलिया, पंकज पाल, धर्मेंद्र धड़कन समेत अन्य कलाकारों ने लोकगीत और विवाह गीत प्रस्तुत कर माहौल को खुशनुमा बना दिया। डाल्टेनगंज से पहुंचे कलाकार उमाशंकर मिश्र ने अपने सुरों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। मशहूर गायक सनोज सागर की प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया। वहीं सुजाता संगम और रानी पांडेय द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक गीतों ने विवाह समारोह में सांस्कृतिक रंग भर दिया। इन जोड़ियों का हुआ परिणय समारोह में विभिन्न जिलों और गांवों से आए 23 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के संडा गांव निवासी कस्तूरी कुमारी का विवाह चौखड़ा निवासी चंदन कुमार के साथ हुआ। संडा गांव की काजल कुमारी की शादी मोहम्मद गंज के गोनराडीह निवासी पिंटू कुमार रजवार से हुई। नबीनगर के चंद्रगढ़ की रूबी कुमारी ने कुटुंबा के गोडीहा निवासी भोला कुमार के साथ सात फेरे लिए। हरिहरगंज के बुढ़रौंदा निवासी मीना कुमारी का विवाह पिपरा बगाही के सुरेंद्र भुइयां से, कोठीला गांव की गीता कुमारी का विवाह खैरा निवासी अवध कुमार से, गयाजी के सलैया गांव की सुनैना कुमारी का विवाह नौडीहा बाजार के बलहा निवासी राजन कुमार से संपन्न हुआ। इब्राहिमपुर की सोनी कुमारी तुरी निवासी लखन भुइयां के साथ विवाह बंधन में बंधीं।ओबरा के शादीपुर की पूजा कुमारी का विवाह मुजहिदा निवासी मुकेश कुमार से, कोसाडीहरा की सोनी कुमारी का विवाह देव के चांदपुर निवासी विद्यानंद कुमार से हुआ। खैरा की काजल कुमारी ने सकलदीपा निवासी मनोज कुमार के साथ सात फेरे लिए। पिपरा की कंचन कुमारी का विवाह शहीद बिगहा निवासी अजीत कुमार से, समदा बीघा की चंदा कुमारी का विवाह अकौनी निवासी सरोज कुमार से और बदरपुर की ममता कुमारी का विवाह तेतरिया निवासी धनंजय कुमार से हुआ। बरवाडीह की कृपा कुमारी का विवाह बेलाई निवासी लवकुश कुमार से, बेढ़नी की आशा कुमारी का विवाह हनेया निवासी युवक से, भरत बेदौली की मायावती कुमारी का विवाह कुरमहा निवासी अनुज कुमार से संपन्न हुआ। देवरी कला की रानी कुमारी का विवाह चपरवार निवासी पंकज कुमार से, बसंतपुर की नेहा कुमारी का विवाह कोसाडीहरा निवासी महेश कुमार से हुआ।इसी प्रकार मेनकी कुमारी का विवाह पड़वा मोड़ निवासी अमित लाल राम से, जम्हारिया की अंशु कुमारी का विवाह कासिमपुर निवासी पवन कुमार से, पिपरा बगाही की प्रियंका कुमारी का विवाह दधपा निवासी सुरेंद्र कुमार से तथा गढ़वा के चेचरिया की पूजा कुमारी का विवाह डिप्टी बीघा निवासी सुरेंद्र चौधरी से संपन्न हुआ।
औरंगाबाद में 23 जोड़ों ने थामा एक दूसरे का हाथ:दहेज रहित सामूहिक विवाह, सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी किया गया आयोजन
Date:




