![]()
कटिहार नॉर्थ ईस्टर्न बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की सत्र 2026-28 के लिए नई कार्यसमिति के पदाधिकारियों और सदस्यों के चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। चैम्बर महासचिव भुवन अग्रवाल ने बताया कि चुनाव 20 मई को होगा। यह चुनाव कटिहार नगर निगम के साथ-साथ कटिहार, बारसोई, मनिहारी और नौगछिया अनुमंडल तथा किशनगंज, मधेपुरा व सुपौल जिलों के लिए भी कार्यकारिणी समिति के सदस्यों के लिए होगा। चुनाव प्रक्रिया 6 अप्रैल से शुरू होगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 20 अप्रैल की शाम पांच बजे तक निर्धारित है। नामांकन पत्रों की जांच 21 अप्रैल को की जाएगी। उम्मीदवार 22 अप्रैल की शाम पांच बजे तक अपने नामांकन पत्र वापस ले सकते हैं। 29 अप्रैल तक चैम्बर के सभी सदस्यों को उम्मीदवारों की सूची और बाहरी सदस्यों को मतपत्र भेजने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। 20 मई को शाम पांच बजे तक मतदान के तुरंत बाद मतगणना होगी और उसी दिन नए पदाधिकारियों व सदस्यों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी। 26 मई को चैम्बर भवन में नए पदाधिकारियों और सदस्यों की बैठक होगी, जिसमें को-ऑप्शन के लिए सदस्यों का चुनाव किया जाएगा। महासचिव ने बताया कि अधिवक्ता विनोद सिंह को चुनाव पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। भुवन अग्रवाल को संयुक्त चुनाव पदाधिकारी और दिग्विजय सिंह को सहायक चुनाव पदाधिकारी का दायित्व सौंपा गया है। चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष विश्वनाथ मुकीम और शिव प्रकाश गाडोदिया को ट्रिब्यूनल सदस्य बनाया गया है।


