![]()
जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित टिनप्लेट ग्राउंड में फल कारोबारी कन्हैया यादव हत्याकांड के विरोध में गुरुवार को बस्तीवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने टिनप्लेट-गोलमुरी मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। वे हत्या में शामिल अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। परिजनों ने आरोप लगाया कि दिनदहाड़े गोली मारकर की गई हत्या की इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। उन्होंने पुलिस से त्वरित कार्रवाई करने की अपील की। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस सहित कई अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और संदिग्धों की तलाश के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
कन्हैया यादव हत्याकांड, बस्तीवासियों ने किया सड़क जाम:आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की, रोड पर की आगजनी
Date:




