
Bihar Railway : बिहार के 50 रेलवे स्टेशनों का विकास अमृत भारत योजना के तहत विकसित किया जाएगा, वहीं पटना-डीडीयू-दिल्ली रूट पर आधुनिक ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली लगाने का काम भी तेजी से चल रहा है. इससे यात्रियों को न सिर्फ बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि ट्रेन यात्रा पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित हो जाएगी.
रेल मंत्रालय ने बिहार के 50 रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का फैसला किया है.अमृत भारत योजना के तहत इन स्टेशनों को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, साफ-सफाई, डिजिटल सुविधाओं और यात्री सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा. पटना जंक्शन, पुनपुन समेत कई अहम स्टेशनों पर काम शुरू होने की प्रक्रिया में है.
‘कवच’ सिस्टम से बढ़ेगी ट्रेन सुरक्षा
रेल मंत्रालय ने पटना-दिल्ली रूट पर सफर को हाईटेक और सुरक्षित बनाने के लिए ‘कवच’ (स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली) लगाने का काम तेज कर दिया है. यह एक ऐसी ऑटोमेटिक तकनीक है जो अगर एक ही ट्रैक पर दो ट्रेनें आ जाएं, तो उन्हें एक निश्चित दूरी पर अपने आप रोक देगी.
वर्तमान में देश के 3,000 किलोमीटर रेल मार्ग पर इसे लगाया जा चुका है और अब बिहार के मुख्य रूटों सहित अगले 20,000 किलोमीटर के दायरे को इसमें शामिल करने का लक्ष्य है. इससे कोहरे या मानवीय चूक के कारण होने वाले हादसों पर पूरी तरह लगाम लगेगी.
1.43 लाख पदों पर भर्ती
रेल मंत्रालय ने आधिकारिक तौर पर 1.43 लाख नई भर्तियों की प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है. पिछले एक साल में करीब 5 लाख नियुक्तियां पूरी करने के बाद, यह नया अभियान उन अभ्यर्थियों के लिए संजीवनी साबित होगा जो लंबे समय से रेलवे परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं.
भर्ती की यह प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी, जिससे तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों क्षेत्रों में करियर बनाने का मौका मिलेगा.
4000 किलोमीटर तक फैलेगा कवच नेटवर्क
रेल मंत्रालय का लक्ष्य ‘कवच’ सिस्टम को देशभर में करीब 4000 किलोमीटर रेल नेटवर्क तक विस्तार देने का है. इससे प्रमुख रूट्स पर यात्रा और अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद बनेगी. यह पहल भारतीय रेलवे को तकनीकी रूप से और मजबूत बनाएगी.
पटना-डीडीयू-दिल्ली रूट देश के सबसे व्यस्त रेल मार्गों में से एक है, जहां हर दिन हजारों यात्री सफर करते हैं. ऐसे में स्टेशन विकास और सुरक्षा तकनीक का सीधा फायदा यात्रियों को मिलेगा और यात्रा का अनुभव बेहतर होगा.
Also Read: बिहार पंचायत चुनाव: आठ नगरपालिकाओं में EO को किया गया तैनात, जानिए क्या मिली जिम्मेदारी
The post कवच सेफ्टी सिस्टम से सुरक्षित होगा बिहार का रेल नेटवर्क, निकलेंगी 1.43 लाख नौकरियां appeared first on Prabhat Khabar.




