![]()
किशनगंज पुलिस ने अवैध मवेशी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बहादुरगंज में बड़ी खेप पकड़ी है। बहादुरगंज पुलिस ने एनएच 327 ई पर दारूल उलूम चौक के पास चार पिकअप वाहनों से 16 मवेशी जब्त किए हैं। जब्त किए गए मवेशियों में जर्सी नस्ल की 10 गायें और 6 बछड़े शामिल हैं। पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत इन दुधारू पशुओं को पिकअप वाहनों में क्रूरतापूर्वक ले जाते हुए पकड़ा। इस कार्रवाई में संलिप्त कारोबारियों को भी हिरासत में लेकर थाने लाया गया है। मवेशियों को ले जाया जा रहा था सिलीगुड़ी थाना प्रभारी संदीप कुमार ने मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मवेशियों को मुजफ्फरपुर से सिलीगुड़ी स्थित एक मवेशी खटाल ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने चारों पिकअप वाहनों की तलाशी ली, जिसमें पशुओं को अमानवीय तरीके से ले जाया जा रहा था। जब्त किए गए मवेशियों की सुरक्षा और देखभाल के लिए कारोबारी थाना परिसर में ही उन्हें दाना-पानी दे रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई पशु क्रूरता अधिनियम के तहत की गई है। मामले में अधिनियम के तहत कारोबारियों पर दंडस्वरूप जुर्माना लगाया जाएगा। जुर्माना भरने के बाद जब्त किए गए पशुओं को मुक्त करने की बात कही गई है।

