![]()
जमुई-लक्ष्मीपुर मुख्य मार्ग पर सोमवार को हुए एक सड़क हादसे में साइकिल सवार एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना केनुहट मोड़ के समीप हुई, जहां एक तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। मृतक की पहचान लक्ष्मीपुर प्रखंड के केनुहट निवासी 60 वर्षीय किसान सजानंद सिंह के रूप में हुई है। वहीं, घायल बाइक सवार युवक नजारी निवासी देवेश कुमार देव बताया जा रहा है। देवेश के एक हाथ में गंभीर चोट आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, किसान सजानंद सिंह साइकिल से केनुहट से मटिया की ओर जा रहे थे। उसी दिशा में देवेश कुमार भी अपनी बाइक से जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को चकमा दे दिया, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया। संतुलन बिगड़ने के बाद बाइक ने पीछे से साइकिल सवार सजानंद सिंह को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सजानंद सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर लक्ष्मीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। मृतक किसान सजानंद सिंह के परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं। हादसे के बाद से परिवार में शोक का माहौल है।


