![]()
कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में पुसौली रेलवे स्टेशन के पास एक 19 वर्षीय डीजे संचालक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने उसे लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर मार डाला। मृतक की पहचान पुसौली गांव निवासी रामनिवास शाह के बेटे राजा कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, राजा कुमार गुप्ता पुसौली रेलवे स्टेशन के उत्तरी हिस्से में डीजे की दुकान चलाता था। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे उसे माइक देने के बहाने घटाव गांव के पास एक दुकान पर बुलाया गया। जैसे ही राजा वहां पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उस पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन और दोस्त मौके पर पहुंचे और घायल राजा को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरा ले गए। युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सदर अस्पताल भभुआ रेफर कर दिया। मंगलवार देर रात इलाज के दौरान राजा ने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने NH-19 को किया जाम मृतक के मित्र छोटू कुमार ने बताया कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। बुधवार सुबह सदर अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद डेड बॉडी उसके घर पुसौली गोला के पास पहुंचा, परिजन और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और फांसी की सजा की मांग को लेकर NH-19 को जाम कर दिया। जिससे थोड़ी देर के लिए वाहनों का कतार लग गया। सूचना मिलते ही मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार, कुदरा थाना अध्यक्ष नंदू कुमार और मोहनिया थाना अध्यक्ष आलोक कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझा बुझा कर सड़क जाम को हटवाया। परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि माइक देने के बहाने राजा कुमार की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दिया गया है। पहले से कोई विवाद नहीं चल रहा था। कुल 15 लोग मारने वालों में शामिल थे। पिता ने कहा कि जब हम लोग आरोपियों को रोकने गए तो उन्होंने हमें गंदी गालियां देनी शुरू कर दी। साथ ही हमें वहां से भगा दिया। उन्होंने कहा कि हमलोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और फांसी की सजा का मांग कर रहे हैं। साथ ही पुसौली में अपराध चरम सीमा पर बढ़ गया है, यहां पर सहायक थाना खोला जाए। आश्वासन मिले की ऐसी घटना दोबारा नहीं होगी। पुलिस ने 5 लोगों को किया गिरफ्तार मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि परिजनों ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा राजा कुमार नामक एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी है। परिजनों के अनुसार इस घटना में कुल 15 लोग शामिल थे। जिसका मुख्य अभियुक्त अभिषेक कुमार है। अभिषेक कुमार सहित कुल चार लोगों की गिरफ्तारी कर ली गई है। उन सभी आरोपियों से पूछताछ करते हुए जितने भी लोग शामिल होंगे सबकी गिरफ्तारी की जाएगी। कोई भी दोषी बख्शे नहीं जायेंगे। अपनी मांगों के समर्थन में कुछ देर के लिए इन लोगों द्वारा सड़क को जाम किया गया था। समझा बुझा कर सड़क जाम हटा दिया गया है। जो भी मांगे मानने लायक होगी उन सभी को माना जाएगा और आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कैमूर में डीजे संचालक युवक की पीट-पीटकर हत्या:माइक देने के बहाने बुलाया, लाठी-रॉड से हमला; इलाज के दौरान मौत, मुख्य आरोपी समेत 4 गिरफ्तार
Date:




