कोचिंग के चौथी मंजिल से गिरकर इंटर छात्रा की मौत,VIDEO:CCTV में दिखे 2 लड़कों सहित 3 डिटेन, परिजन बोले-शरीर पर चोट के निशान, हत्या हुई है

Date:


पटना के फुलवारी शरीफ में गुरुवार को 12वीं की कोचिंग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा सुबह 8:05 बजे अपने घर से कोचिंग के लिए निकली और 8:14 बजे कोचिंग पहुंची थी। इसके कुछ ही मिनटों बाद वह चौथे माले से नीचे गिर गई। इसके बाद उसके भाई प्रियांशु को मोबाइल पर कोचिंग टीचर ने सूचना दी कि पिंकी गश खाकर गिर गई है। उसे इलाज के लिए पटना एम्स में भर्ती कराया गया है। जब परिजन एम्स पहुंचे तो डॉक्टरों ने पिंकी को मृत घोषित कर दिया। इंटर की छात्रा पिंकी कुमारी 17 साल की थी। वो फुलवारीशरीफ की रहने वाली थी। परिवार का आरोप है कि उसकी हत्या की गई है। इसके बाद कोचिंग के चौथे फ्लोर से धक्का दिया गया है। कोचिंग के CCTV में छात्रा दिखाई दे रही है। इसमें वो हड़बड़ी में सीढ़ियों पर जाती दिख रही है। उसके पीछे 2 लड़के भी जाते दिख रहे हैं। थोड़ी देर बाद छात्रा बिल्डिंग से नीचे गिरती दिख रही है। पुलिस ने फिलहाल उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। कोचिंग के CCTV खंगालने के बाद पुलिस ने फुटेज में दिखे 2 लड़कों के साथ एक अन्य को हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। उनकी पहचान कोचिंग के फ्लैट में काम कर रहे पेंटर के रूप में की है। घटना AIIMS गोलंबर के पास हरी नगर कॉलोनी की है। लड़की ने 1 फरवरी को ही कोचिंग शुरू की थी। अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा मामला सबसे पहले 4 तस्वीरें देखिए… घर से लगभग 2 किलोमीटर दूर है कोचिंग पटना के चक मूसा जानीपुर थाना क्षेत्र में पिंकी कुमारी का घर है, जहां से कोचिंग की दूरी लगभग 2 किलोमीटर है। पिंकी के पिता सत्येंद्र राय किसान हैं, जबकि मां सरस्वती देवी हाउस वाइफ है। पिंकी अपने पांच भाई बहनों में सबसे छोटी थी। पिंकी इंटर फर्स्ट ईयर की छात्रा थी और इंजीनियरिंग की तैयारी कर रही थी। रोज की तरह वह अपने घर से कोचिंग के लिए सुबह 8:00 बजे निकली थी। रूपेश कुमार का कोचिंग दूसरे बिल्डिंग के दूसरे माले पर है। सुबह 8 बजे कोचिंग के लिए निकली थी छात्रा पिता सत्येंद्र यादव ने बताया कि, ‘वो सुबह 8 बजे कोचिंग के लिए निकली थी। 9 बजे सूचना मिली कि उसकी मौत हो गई है। हम कोचिंग पहुंचे तो सड़क पर उसकी लाश पड़ी थी। खून के निशान भी नहीं थे। हमने सोचा की नेचुरल डेथ हुई होगी। इसके बाद हम उसके शव को लेकर दीघा आ गए। परिजन उसके अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए। इस बीच पिंकी के परिजनों ने देखा कि पिंकी के पीछे के भाग पर तेज नुकीले हथियार से वार के निशान थे। सर और शरीर के कई जगहों पर चोट के निशान दिखे। हमें शक हुआ कि पिंकी की हत्या की गई है। हमने इसकी सूचना फुलवारी शरीफ थाने को दी। सूचना पाकर पुलिस दीघा घाट पहुंची। पुलिस ने कहा कि पोस्टमॉर्टम करवाना होगा। इसके बाद हमने शव पुलिस को सौंप दिया। अब जानिए कोचिंग के CCTV में क्या मिला कोचिंग के CCTV में छात्रा सफेद कपड़ों में सीढ़ियों से ऊपर की ओर जाती दिख रही है। उसके पीछे एक लड़का जाता दिखाई दे रहा है। थोड़ी देर बाद एक और लड़का सीढ़ियों से जाता दिखाई दिख रहा है। CCTV में लड़की छत से गिरती दिख रही है। दोनों लड़के सीढ़ियों से लौटते हुए भी दिख रहे हैं। नीचे आकर लड़के रुकते है और लड़की की लाश को देखते हैं और फिर दौड़कर भाग जाते हैं। पुलिस ने CCTV फुटेज को जब्त किया है। इसकी जांच की जा रही है। अब जानिए किस हाल में मिली बॉडी छात्रा की बॉडी कोचिंग के पास सड़क पर मिली है। पास ही उसकी चप्पल पड़ी मिली। मौके से खून के निशान नहीं मिले हैं। मौत कैसे हुई है, इसे लेकर अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है। छात्रा के साथियों से भी पूछताछ हो रही है। इसके साथ कोचिंग संचालक से भी जानकारी ली जा रही है। जिस जगह से लड़की गिरी है, वहां ज्यादा लोग आते-जाते नहीं थे। पुलिस CCTV फुटेज की जांच कर रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। परिवार से भी जानकारी ली जा रही है। भाई बोला- हत्या हुई है, सख्त एक्शन हो लड़की के भाई प्रियांशु ने बताया कि, ‘मेरे पास कॉल आया। कहा गया कि लड़की AIIMS में एडमिट है। हम पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी। मैंने एम्स में देखा कि पिंकी की कमर के नीचे पिछले हिस्से में किसी नुकीली चीज से वार का निशान था। उसके शरीर के कई हिस्सों पर भी चोट के निशान थे। हाथ-पैर टूटे थे। कोचिंग वालों ने बताया था कि वो गिर गई है। उसकी कोचिंग दूसरी साइड है, वो यहां आकर कैसे गिरी इसका जवाब कोचिंग वाले नहीं दे रहे हैं।’ प्रियांशु ने आशंका जताते हुए कहा कि, ‘बहन की हत्या की गई है। आरोपी को सख्त से सख्त सजा होनी चाहिए।’ 2 छात्र आए और बताया कि पिंकी नीचे गिर गई- कोचिंग टीचर कोचिंग के शिक्षक रूपेश कुमार ने बताया, ‘मैं 8:10 बजे कोचिंग पहुंचा था। जब कोचिंग के कमरे में गया तो वहां 2-3 स्टूडेंट थे, लेकिन पिंकी वहां नहीं थी।’ जबकि सीसीटीवी में पिंकी कोचिंग शिक्षक रूपेश कुमार के पहुंचने से पहले कोचिंग में आती हुई देखी गई। कोचिंग टीचर ने आगे बताया कि, ‘कुछ देर बाद 2 छात्र भागकर आए और बताया कि पिंकी गश खाकर नीचे गिर गई है। फिर आनन-फानन में पिंकी को कोचिंग से लगभग 500 मीटर दूर मौजूद पटना एम्स ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।’ SDPO बोले- 3 लोगों को डिटेन किया है फुलवारीशरीफ SDPO 2 सुशील कुमार ने बताया कि, ‘सीसीटीवी कैमरे में पिंकी को चौथे तल्ले से गिरता हुआ फुटेज प्रतीत हो रहा है। सीसीटीवी फुटेज में सीढ़ी पर तेजी से चढ़ते और उतरते हुए दो लड़कों की पहचान फ्लैट में काम करने वाले पेंटर के रूप में हुई है। दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पिंकी की मौत से रिलेटेड मामले में पूछताछ शुरू कर दी है।’ हर एंगल से जांच कर रही पुलिस SDPO 2 सुशील कुमार ने बताया कि, पुलिस इस मामले में कई एंगल से जांच कर रही है। यह भी जांच कर रहे हैं कि संभव हो, पिंकी कोचिंग दूसरे तल्ले पर करती है, लेकिन जबरन उसे चौथे तल्ले पर ले जाया गया होगा। संभव है कि अपनी जान बचाने के लिए या तो पिंकी खुद चौथे तल्ले से कूद गई या फिर पिंकी को चौथे तल्ले से फेंक दिया गया होगा। इन सभी बातों पर पुलिस गहराई से जांच कर रही है। पुलिस का यह मानना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह खुलासा होगा कि पिंकी की मौत हादसा है या हत्या।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

Join Us WhatsApp