Top 5 This Week

Related Posts

कोडरमा घाटी में बोरे से मिला महिला का शव:दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका, अब तक नहीं हो सकी है पहचान


कोडरमा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोडरमा घाटी में मंगलवार सुबह एक अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव मिला। शव मेघातरी स्थित पैरी माइंस के समीप मिला है। जानकारी के अनुसार, सुबह टहलने निकले कुछ ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे पड़े एक संदिग्ध बोरे पर पड़ी। जब वे पास पहुंचे तो बोरे से महिला का पैर बाहर निकला हुआ दिखा। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। तुरंत इसकी सूचना कोडरमा थाना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरे को खुलवाया तो अंदर अर्धनग्न अवस्था में महिला का शव मिला, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका मौके की स्थिति और शव की अवस्था को देखते हुए पुलिस को प्रथम दृष्टया दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका है। महिला की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को बोरे में भरकर सुनसान जंगल में फेंक दिया। घटना स्थल की स्थिति से यह भी संकेत मिल रहे हैं कि शव को कहीं और हत्या के बाद यहां लाकर ठिकाने लगाया गया है। पहले भी मिल चुका है ऐसा ही शव गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले भी इसी थाना क्षेत्र में जेजे कॉलेज के सामने होली फैमिली अस्पताल की बाउंड्री वॉल के अंदर एक अर्धनग्न महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था, जिसकी अब तक पहचान नहीं हो सकी है। लगातार दूसरी बार इस तरह की वारदात सामने आने से इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग इसे किसी संगठित आपराधिक गिरोह से जोड़कर देख रहे हैं। पुलिस के लिए यह मामला अब बड़ी चुनौती बन गया है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। साथ ही पुलिस सभी पहलुओं पर जांच करते हुए जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश करने का दावा कर रही है।

Spread the love

Popular Articles