![]()
कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलैया बस्ती वार्ड नंबर 2 में पति द्वारा पत्नी की हत्या करने का मामला सामने आया है। वो 4 माह से गर्भवती भी थी। सोमवार को किराए के मकान से करीब दो किलोमीटर दूर महिला का शव बोरे में बंद मिला। शनिवार को आरोपी पति ने अपने ससुराल में फोन कर कहा था कि उसने पत्नी को मसाला पीसने वाले सिलवट पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद से घर पर ताला लटका था और आरोपी पवन स्वर्णकार फरार है। मृतका की पहचान गिरिडीह जिले के राजधनवार निवासी 25 वर्षीय प्रीति कुमारी के रूप में हुई है। प्रीति का झुमरी तिलैया के ही एक लड़के के साथ प्रेम प्रसंग की बातें सामने आ रही है, जिसकी कुछ तस्वीरें प्रीति द्वारा अपने सोशल मीडिया पर भी शेयर की गई थी। लोग आशंका जाहिर कर रहे हैं इसी मामले में पवन ने प्रीति की हत्या की होगी।
मृतका के मामा अनिल स्वर्णकार ने बताया कि प्रीति की शादी पवन से तीन साल पहले हुई थी। पवन पेशे से टोटो चालक है। वे झुमरीतिलैया के तिलैया बस्ती वार्ड नंबर 2 में किराए के मकान में रहता था। कुछ समय से पवन और प्रीति राजधनवार में रह रहे थे। बीते गुरुवार को वे अपनी तीन वर्षीय बच्ची के साथ झुमरी तिलैया लौटे। शुक्रवार शाम को पवन ने अनिल स्वर्णकार को फोन पर बताया कि वे पुराना मकान छोड़कर नए किराए के मकान में जा रहे हैं। शनिवार सुबह पवन ने अनिल को दोबारा फोन किया। उसने बताया कि प्रीति से किसी बात पर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद प्रीति ने उसके सिर पर बेलन से वार किया। गुस्से में आकर पवन ने प्रीति को मसाला पीसने वाले सिलवट पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। यह सूचना मिलने के बाद अनिल स्वर्णकार प्रीति के माता-पिता के साथ झुमरी तिलैया पहुंचे। उन्होंने तिलैया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद तिलैया पुलिस की टीम उस किराए के मकान पर पहुंची, जहां पवन अपनी पत्नी के साथ रहता था। पुलिस ने पाया कि कमरे में ताला लगा हुआ है। ताला तोड़ने के बाद अंदर प्रवेश करने पर पुलिस को सारा सामान बिखरा हुआ मिला। पुलिस ने पवन से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन स्विच ऑफ आ रहा था, जिससे उसका पता नहीं चल पाया। वहीं, तकनीकी विभाग से जांच करने पर पवन के मोबाइल का आखिरी लोकेशन मरकच्चो थाना क्षेत्र अंतर्गत पाया गया। इधर, तिलैया पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए परिजनों से पवन के रिश्तेदारों के घर जाकर पूछताछ करने की भी बात कही थी। पुलिस द्वारा लगातार पवन को ढूंढा जा रहा था। इसी बीच रविवार को पवन का टोटो बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत कहीं देखा गया। सोमवार की सुबह तिलैया पुलिस डॉग स्क्वायड की टीम के साथ उस किराए के मकान में पहुंची, जहां पवन रहता था। इसी बीच तिलैया थाना क्षेत्र के गोमो के सतपुलिया के पास रहने वाले एक व्यक्ति ने तिलैया थाना को फोन कर सूचना दी कि उनके घर के पास एक प्लास्टिक में बंधा हुआ कोई शव ज्ञात पड़ रहा है। इसके बाद तिलैया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की तो प्लास्टिक में बंधा हुआ प्रीति का शव बरामद किया गया। शव पर चोट के गंभीर निशान हैं। उसका गला भी कटा हुआ पाया गया है। शव को देखकर प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट होता है कि उसकी हत्या की गई है। पुलिस फिलहाल मृतका के पति पवन की तलाश कर रही है। इसके लिए एसडीपीओ अनिल सिंह के नेतृत्व में एक विशेष दल का गठन भी किया गया है। साथ ही साथ एक एफएसएल की टीम भी बुलाई गई है जो हत्या के सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच करेगी।-अनुदीप सिंह, एसपी, कोडरमा


