खेल विकास में बिहार को राष्ट्रीय सम्मान, मिला सर्वश्रेष्ठ राज्य का पुरस्कार

Date:

खेल विकास में बिहार को राष्ट्रीय सम्मान, मिला सर्वश्रेष्ठ राज्य का पुरस्कार

खेल के संवर्धन के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर बाकी राज्यों को छोड़ा पीछे

मुंबई के ताज महल पैलेस होटल में हुआ भव्य समारोह

जमुई. खेल अवसंरचना, प्रतिभा खोज और खिलाड़ियों के लिए किये गये प्रयासों की बदौलत बिहार को राष्ट्रीय स्तर का बड़ा सम्मान मिला है. भारत में खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के क्षेत्र में बिहार ने देश के बाकी राज्यों को पीछे छोड़ दिया है. राज्य को खेल संवर्धन में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रतिष्ठित स्पोर्टस्टार सर्वश्रेष्ठ राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. यह सम्मान मुंबई के ऐतिहासिक ताज पैलेस होटल में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान प्रदान किया गया. इस अवसर पर बिहार सरकार की खेल एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्रेयसी सिंह और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (बीएसएसए) के महानिदेशक रविन्द्रन शंकरन ने संयुक्त रूप से यह पुरस्कार ग्रहण किया. समारोह में देशभर के खेल प्रशासक, खिलाड़ी और खेल जगत से जुड़े कई प्रतिष्ठित लोग मौजूद रहे.

गौरतलब है कि हाल के वर्षों में राज्य सरकार ने खेल प्रतिभाओं को आगे लाने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए कई अहम पहल की है. खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने बताया कि बिहार सरकार ने खेलों के विकास को लेकर जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक एक मजबूत ढांचा तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया है. इसके तहत जिला और प्रखंड स्तर पर प्रतिभा खोज कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण इलाकों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने का मौका मिल सके. साथ ही राज्य में खेल अवसंरचना को भी तेजी से विकसित किया गया है. कई जिलों में नये स्टेडियम, प्रशिक्षण केंद्र और खेल अकादमियां विकसित की जा रही हैं, जिससे खिलाड़ियों को अपने ही राज्य में बेहतर प्रशिक्षण मिल सके. खिलाड़ियों के लिए छात्रवृत्ति, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं ने भी सकारात्मक परिणाम दिये हैं. खेल विशेषज्ञों का मानना है कि सरकार की इन योजनाओं से बिहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे राज्य की पहचान भी मजबूत हो रही है.

बताते चलें कि जमुई विधायक सह खेल मंत्री श्रेयसी सिंह खुद भारतीय खेल जगत की एक जानी-मानी खिलाड़ी रही हैं. ट्रैप शूटिंग में उन्होंने देश का प्रतिनिधित्व करते हुए ओलिंपिक में हिस्सा लिया है और राष्ट्रमंडल खेलों में पदक भी जीता है. खेल क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें भारत सरकार द्वारा अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है. बिहार की इस सफलता को लेकर जिले के खेल प्रेमियों ने कहा कि खेल मंत्री के रूप में श्रेयसी सिंह की नियुक्ति को बिहार के खेल प्रशासन में एक नयी ऊर्जा और दृष्टि के रूप में देखा जा रहा है. बिहार को सर्वश्रेष्ठ राज्य पुरस्कार मिलना राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है और इससे आने वाले समय में बिहार के खिलाड़ियों का मनोबल भी और मजबूत होगा.

The post खेल विकास में बिहार को राष्ट्रीय सम्मान, मिला सर्वश्रेष्ठ राज्य का पुरस्कार appeared first on Prabhat Khabar.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

Join Us WhatsApp