![]()
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा आज गयाजी और औरंगाबाद में है। सीएम पहले गयाजी के टनकुप्पा प्रखंड के मायापुर गांव पहुंचेंगे। इसको लेकर प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है। सुबह करीब 9:30 बजे सीएम कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। यहां वे 724 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसमें पंचायती राज, लघु जल संसाधन, कृषि, भूमि सुधार और जिला परिषद की कई परियोजनाएं शामिल हैं। प्रशासन ने बताया कि इन योजनाओं से ग्रामीण इलाकों की तस्वीर बदलेगी। सड़क, पानी, सिंचाई और बुनियादी सुविधाओं पर खास फोकस किया गया है, जिसका लाभ ग्रामीण लोगों को मिलेगा। औरंगाबाद में सीएम 142 योजनाओं का उद्घाटन-120 का शिलान्यास करने जा रहे हैं। मायापुर बना छावनी, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर सीएम के आगमन को लेकर गयाजी के मायापुर और आसपास का इलाका पूरी तरह सुरक्षा घेरे में है। पुलिस अधीक्षक समेत वरीय अधिकारियों ने खुद मौके पर पहुंचकर जायजा लिया है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। मंच, बिजली, पेयजल, पार्किंग और वीआईपी मूवमेंट तक हर चीज की अलग-अलग टीम बनाई गई है। प्रशासन किसी भी तरह की चूक के मूड में नहीं है। ट्रैफिक व्यवस्था में किया गया बदलाव सुबह 7 बजे से सभा खत्म होने तक कई प्रमुख रास्तों को बंद कर दिया गया है। रामाश्रय चौक, बंधुआ मोड़ (शहीद द्वार), तिराया मोड़, गुंजोई और करियादपुर बाजार की सड़कों पर आम आवाजाही पूरी तरह रोक दी जाएगी। इन रास्तों पर सिर्फ वीआईपी, अधिकारी, मंत्री, विधायक और इमरजेंसी एंबुलेंस को ही अनुमति मिलेगी। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो सकती है, लेकिन प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा के मद्देनजर यह जरूरी है। वैकल्पिक रास्तों से चलेगा ट्रैफिक आम नागरिकों के लिए वैकल्पिक रास्ते तय किए गए हैं। बंधुआ मोड़, बरतारा, ढीवर, फतेहपुर, पहाड़पुर, जामेता, शैलिया और भिटौरा मोड़ होते हुए लोग मायापुर की ओर जा सकेंगे। हालांकि, इन रास्तों पर भी भीड़ बढ़ने की संभावना है। कार्यक्रम के बाद औरंगाबाद रवाना होंगे सीएम मायापुर में कार्यक्रम खत्म होते ही करीब 12 बजे मुख्यमंत्री का काफिला औरंगाबाद के लिए रवाना होगा। समृद्धि यात्रा के तहत उनका यह दौरा लगातार जिलों में विकास योजनाओं की झड़ी लगाने का हिस्सा है। दोपहर करीब 1:00 बजे सीएम का हेलीकॉप्टर औरंगाबाद के बारुण स्थित शहीद भगत सिंह स्टेडियम में बने हेलीपैड पर उतरेगा। यहां से वे सड़क मार्ग से सोन नदी के एनीकट घाट पहुंचेंगे, जहां जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत निर्माणाधीन वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण करेंगे। योजना के माध्यम से औरंगाबाद और रोहतास के कुल 24,935 परिवारों को पाइपलाइन के जरिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा, जो क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण परियोजना मानी जा रही है।
गयाजी-औरंगाबाद में आज सीएम की समृद्धि यात्रा:724 योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास, जीविका दीदियों से संवाद और जनसभा भी करेंगे
Date:




