![]()
गयाजी में बच्चा चोरी की अफवाह फैल गई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बीती रात हंगामा हो गया। रेलवे अस्पताल के पास एक निजी क्लीनिक से 10 साल का अयान अचानक लापता हो गया। कुछ ही देर में बच्चा चोरी की चर्चा फैल गई। इस बीच भीड़ ने एक महिला को पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। मामला सिविल लाइन इलाके का है। इंस्पेक्टर शमीम अहमद का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मानपुर के अबगील्ला जगदीशपुर निवासी शबाना खातून अपने भाई की आंख का ऑपरेशन कराने क्लीनिक आईं थीं। उनके साथ अयान भी था। इसी दौरान बच्चा क्लीनिक से अकेले ही बाहर निकल गया। परिवार को भनक तक नहीं लगी। सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया। उसमें अयान अकेले बाहर जाता दिख रहा है। स्थानीय वार्ड पार्षद इस्लाम अहमद के मुताबिक एक कैमरे में बच्चा स्टेशन की ओर जाता नजर आया। उसके बाद तस्वीर साफ नहीं है। कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। बताया जा रहा है कि बच्चा मानसिक रूप से भी थोड़ा कमजोर है।
आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं इधर, इलाके में पहले से बच्चा चोरी की अफवाह चल रही थी। इसी माहौल में भीड़ भड़क गई। शक के आधार पर एक महिला को पकड़ लिया गया। लोगों ने उसे घेर लिया। फिर पुलिस को बुलाकर सौंप दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि महिला की मानसिक हालत भी सामान्य नहीं लग रही थी। पुलिस ने महिला से पूछताछ की है। शुरुआती जांच में बच्चा चोरी से उसका सीधा संबंध नहीं दिख रहा। हालांकि पुलिस किसी भी एंगल को नजरअंदाज नहीं कर रही है। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। स्टेशन और बस स्टैंड पर भी तलाश तेज कर दी गई है।
शबाना खातून का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने प्रशासन से बेटे को जल्द खोजने की गुहार लगाई है। वार्ड पार्षद इस्लाम अहमद ने भी लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की है।
गयाजी में बच्चा क्लीनिक से हुआ लापता:बच्चा चोरी की फैली अफवाह, शक के आधार पर पुलिस ने एक महिला को पकड़ा
Date:




