भास्कर न्यूज | प्रतापपुर प्रतापपुर थाना क्षेत्र के गजवा पंचायत अंतर्गत केवलिया गांव निवासी कैल यादव ने अपनी बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए प्रतापपुर थाना में लिखित आवेदन दिया है। आवेदन में उन्होंने बेटी के पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। कैल यादव ने बताया कि उनकी बेटी कुंती देवी की शादी वर्ष 2008 में परहियाडीह गांव निवासी रूपेश यादव (पिता– विशकुटी यादव) के साथ हुई थी। शादी के बाद सब कुछ सामान्य चल रहा था। बीते 12 मार्च को ससुराल पक्ष द्वारा फोन कर कुंती देवी की मृत्यु की सूचना दी गई। सूचना मिलने पर जब परिजन परहियाडीह पहुंचे, तो आंगन में शव पड़ा मिला। परिजनों के दबाव में आकर तत्काल अंतिम संस्कार कर दिया गया। बाद में नाती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसकी मां की हत्या रूपेश यादव, कमलेश यादव और रमेश यादव (सभी पिता– विशकुटी यादव) ने गला दबाकर की है। नाती को इस बात की जानकारी किसी को न देने की धमकी भी दी गई थी। आवेदन में यह भी कहा गया है कि कुंती देवी को किसी प्रकार की बीमारी नहीं थी, जबकि ससुराल पक्ष बीमारी का बहाना बनाकर मामले को दबाने का प्रयास कर रहा है। कैल यादव ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि मृतका के पिता के आवेदन पर प्रतापपुर थाना कांड संख्या 24/2026 दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया, पति समेत तीन नामजद
Date:




