गिरिडीह में रामनवमी पर सुरक्षा चाक-चौबंद, ड्रोन से निगरानी:SDPO के नेतृत्व में पुलिस ने किया जुलूस मार्गों का निरीक्षण, हाई अलर्ट

Date:


रामनवमी को लेकर गिरिडीह जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शहर के प्रमुख जुलूस मार्गों, अखाड़ों और झांकी निकलने वाले रास्तों पर ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मंगलवार को सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर थाना, पचंबा थाना और मुफ्फसिल थाना क्षेत्रों के विभिन्न जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्रोन कैमरों की मदद से प्रमुख चौक-चौराहों, गलियों और निर्धारित मार्गों का बारीकी से जायजा लिया गया। मौके पर मुफ्फसिल इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी श्याम कुमार महतो समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल उपस्थित था। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जुलूस मार्गों पर पड़े पत्थर, अवरोध और अन्य बाधाओं को तत्काल हटाने का निर्देश दिया। पुलिस का मानना है कि जुलूस के दौरान किसी भी असुविधा या तनाव की स्थिति से बचने के लिए मार्गों का साफ और व्यवस्थित होना आवश्यक है। संबंधित थाना प्रभारियों को जुलूस से पूर्व सभी मार्गों की जांच कर उन्हें दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता अधिकारियों ने तैनात जवानों को भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों की निगरानी और आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन ने बताया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। एसडीपीओ जितवाहन उरांव ने जानकारी दी कि रामनवमी के दौरान निकलने वाले जुलूस, अखाड़ों और झांकियों पर ड्रोन से लगातार निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, दक्षिणी छोटानागपुर के डीआईजी अंजनी कुमार झा ने भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जिले के सभी एसडीपीओ, थाना प्रभारी और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। डीआईजी ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी बढ़ाने तथा जुलूस को निर्धारित मार्गों से ही निकालने के सख्त निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच रामनवमी का पर्व जिले में शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

Join Us WhatsApp