![]()
गुमला जिले के बिशुनपुर ब्लॉक की सेरका पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो को 8 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुरुवार को की गई। परिवादी परमेश्वर सिंह (52), निवासी चट्टी सेरका पंचायत, ने रांची स्थित एसीबी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ग्राम सभा द्वारा उनकी जमीन पर कुएं की मरम्मत का कार्य उन्हें सौंपा गया था, जो पूरा हो चुका था। कार्य पूरा होने के बाद, शेष राशि के भुगतान और बिल पास करने के एवज में पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो द्वारा रिश्वत मांगी जा रही थी। परिवादी रिश्वत देकर काम नहीं कराना चाहते थे। एसीबी ने आवेदन का विधिवत सत्यापन किया, जिसमें आरोप सत्य पाए गए। इसके बाद, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रांची थाना में कांड संख्या 09/26, दिनांक 11 मार्च 2026 को धारा 7(a) भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम-2018 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। एसीबी की टीम ने 12 मार्च 2026 को पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो को बिशुनपुर ब्लॉक, गुमला से 8,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गुमला में पंचायत महिला सचिव गिरफ्तार:8 हजार रुपए रिश्वत लेते पकड़ी गई, कुएं की मरम्मत के बिल पास करने के एवज में मांगी थी घूस
Date:




