Top 5 This Week

Related Posts

गोड्डा में छड़ लदी गाड़ी पलटी, एक की मौत:बलबड्डा थाना क्षेत्र में हादसा, एक व्यक्ति गंभीर घायल


गोड्डा जिले के बलबड्डा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क हादसा हो गया। विरामचक के पास छड़ लदी एक जुगाड़ गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बलबड्डा थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली। घायल व्यक्ति को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहरमा ले जाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. सुशांत ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गोड्डा रेफर कर दिया। मृतक की पहचान भागलपुर जिले के कहलगांव थाना अंतर्गत गम्हरपुर गांव निवासी अनिल यादव (45) के रूप में हुई है। घायल व्यक्ति गोड्डा जिले के मेहरमा थाना अंतर्गत धमड़ी गांव निवासी मनीष यादव (30) बताया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गोड्डा भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। बलबड्डा थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि छड़ लदी जुगाड़ गाड़ी अनियंत्रित होकर पलटी थी, जिसमें चालक की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने यह भी बताया कि घायल को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गोड्डा भेजा गया है। पुलिस ने गाड़ी जब्त कर ली है और यह पता लगाया जा रहा है कि छड़ किसका था और उसे कहां ले जाया जा रहा था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Spread the love

Popular Articles