Tuesday, March 31, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर प्रशासन सख्त, कई होटलों और ढाबों में की गई छापेमारी


भास्कर न्यूज|​गुमला जिले में रसोई गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने और घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन अब एक्शन मोड में है। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के कड़े निर्देश के बाद, सोमवार को जिला प्रशासन की टीम ने विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। ​यह अभियान प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी संगीता केरकेट्टा के नेतृत्व में चलाया गया। टीम ने गुमला शहर सहित आसपास के विभिन्न होटलों, जलपान गृहों, ढाबों और अन्य व्यावसायिक केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने रसोई में जाकर सिलेंडरों की जांच की और संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ​निरीक्षण के दौरान अधिकांश छोटे होटलों और ढाबों में भोजन बनाने के लिए पारंपरिक लकड़ी के चूल्हों का उपयोग होता पाया गया। कुछ बड़े प्रतिष्ठानों में व्यावसायिक (कॉमर्शियल) गैस सिलेंडर और कॉमर्शियल हीटर जैसे उपकरण सही पाए गए। राहत की बात यह रही कि अभियान के दौरान किसी भी प्रतिष्ठान में घरेलू गैस सिलेंडर के अनाधिकृत उपयोग का मामला फिलहाल सामने नहीं आया। ​प्रशासन ने आम जनता से भी इस मुहिम में भागीदारी निभाने की अपील की है। नागरिकों से कहा गया है कि यदि उन्हें कहीं भी रसोई गैस के दुरुपयोग या घरेलू सिलेंडर के व्यावसायिक इस्तेमाल की जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत इसकी सूचना जिला प्रशासन को दें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ​यह छापेमारी अभियान आने वाले दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा ताकि कालाबाजारी और गैस के दुरुपयोग पर पूर्णतः अंकुश लगाया जा सके। ​जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। आपूर्ति पदाधिकारी ने कहा कि घरेलू गैस सब्सिडी युक्त होती है, जो आम नागरिकों के लिए है। इसका व्यावसायिक उपयोग करना न केवल अवैध है बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी खतरनाक है। भविष्य में यदि कोई भी संचालक दोषी पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कड़ी विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Popular Articles