![]()
चतरा जिले के सिमरिया में प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। अंचल अधिकारी गौरव कुमार राय के नेतृत्व में सोहर कला डेला बागी गांव में सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इस ‘बुलडोजर एक्शन’ से भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है। सोहर कला डेला बागी गांव में सड़क किनारे गैरमजरूआ आम भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जा था। इस अतिक्रमण के कारण मुख्य सड़क संकरी हो गई थी, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। ग्रामीणों की लगातार मिल रही शिकायतों और लिखित आवेदनों पर संज्ञान लेते हुए अंचल अधिकारी गौरव कुमार राय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। प्रशासनिक टीम ने खाता नंबर 82 और प्लॉट नंबर 485 पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बने पक्के मकानों और शौचालयों को हटा दिया। इस कार्रवाई के बाद सड़क का एक बड़ा हिस्सा अतिक्रमण मुक्त हो गया। गांव की मुख्य सड़क अब साफ-सुथरी और यातायात के लिए सुगम हो गई है। सीओ की इस सख्त कार्रवाई से अन्य कब्जाधारियों में भी हड़कंप मच गया। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया है। अंचल अधिकारी गौरव कुमार राय ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जो लोग अभी भी सरकारी भूमि पर कब्जा जमाए हुए हैं, वे स्वेच्छा से उसे खाली कर दें, अन्यथा उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बकचौमा मौजा की लगभग 55 एकड़ महत्वपूर्ण भूमि को भी जल्द ही अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। इस जमीन पर भविष्य में उपकारा जेल और कई महत्वपूर्ण सरकारी भवनों का निर्माण होना है। सिमरिया में अंचल अधिकारी की सक्रियता से न केवल सरकारी संसाधनों की रक्षा हो रही है, बल्कि आम जनता में प्रशासन के प्रति विश्वास भी बढ़ा है। लोगों का मानना है कि इस तरह की सख्ती से ही क्षेत्र का सर्वांगीण विकास संभव है। सिमरिया का यह बुलडोजर एक्शन उन लोगों के लिए एक बड़ी चेतावनी है जो सरकारी जमीन को अपनी निजी संपत्ति समझते हैं। अब देखना यह होगा कि सीओ की यह मुहिम सिमरिया की तस्वीर को पूरी तरह बदलने में कितनी सफल होती है।

