![]()
चाईबासा के गुवा क्षेत्र में शुक्रवार को ठेका मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन के बैनर तले बड़ी संख्या में मजदूर सेल जनरल ऑफिस के सामने जुटे और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार तथा गुवा सेल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार अमन का पुतला दहन किया गया। यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो रात्रि पाली में खदान क्षेत्र जाने वाली बसों को रोक दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कोलकाता स्थित सेल गेस्ट हाउस में ठेका श्रमिकों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधा बंद कर दी गई है, जिसे तत्काल बहाल किया जाना चाहिए। रोजगार और सुविधाओं को लेकर रखीं कई मांगें मजदूरों ने सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने, स्किल्ड और सेमी-स्किल्ड कर्मियों की सूची तैयार करने तथा ठेका कर्मियों को आवास सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई। इसके अलावा स्थानीय अप्रेंटिस, इंजीनियरिंग और डिप्लोमा धारकों को बहाली में प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। यूनियन ने आसपास के गांवों के युवाओं को रोजगार में वरीयता देने की भी मांग की। प्रदर्शन देर रात तक जारी रहा, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। लंबी वार्ता के बाद बनी सहमति देर रात सेल प्रबंधन और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच लंबी वार्ता हुई। चर्चा के बाद प्रबंधन ने अधिकांश मांगों पर सहमति जताते हुए उन्हें जल्द लागू करने का आश्वासन दिया। साथ ही राजाबुरु खदान को शीघ्र शुरू करने और प्रभावित गांवों के लोगों को स्थानीयता के आधार पर रोजगार देने की बात कही गई। वर्तमान में खदान के ठेकेदार ‘मां सरला प्राइवेट वर्क’ द्वारा 70 स्थानीय ग्रामीणों की मेडिकल जांच कराई जा रही है। वार्ता के बाद यूनियन ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। प्रदर्शन में यूनियन के महामंत्री अंतर्यामी महाकुड़ समेत बड़ी संख्या में ठेका मजदूर मौजूद रहे।
चाईबासा के गुवा में ठेका मजदूरों का उग्र प्रदर्शन:सेल अधिकारियों का पुतला दहन, वार्ता के बाद आंदोलन समाप्त
Date:




