![]()
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में वर्चस्व और रामनवमी के दौरान हुई छेड़खानी को लेकर दो गुटों के बीच हुए विवाद में घायल युवक सन्नी की टीएमएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना छायानगर डब्बा लाइन सामुदायिक भवन के सामने 31 मार्च को हुई थी। विवाद के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग और चापड़बाजी हुई थी। सन्नी को एक आंख में गोली लगी थी, साथ ही उसके सिर और हाथ में चापड़ से हमला किया गया था। इस घटना में सन्नी के अलावा नंदू लोहार नामक युवक भी घायल हुआ था, जिसे इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। अब तक चार लोग हो चुके हैं गिरफ्तार पुलिस ने घटनास्थल से दो बुलेट और दो खोखे बरामद किए थे। इस मामले में अब तक कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। मुआवजे समेत कई मांगों पर परिजनों का हंगामा वहीं, सन्नी की मौत की सूचना मिलने पर गुरुवार को परिजन अस्पताल में जमा हो गए और हंगामा करने लगे। वे आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई, टीएमएच के बिल बकाया और मुआवजे की मांग कर रहे थे। सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि परिजन टीएमएच का बिल बकाया और मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा कर रहे थे। पुलिस के उचित आश्वासन के बाद परिजनों ने हंगामा शांत किया।


