![]()
जमुई जिले के गिद्धौर प्रखंड के संसारपुर गांव में सोमवार को बाइक की टक्कर से घायल हुए एक मासूम की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार देर रात मासूम का शव गांव पहुंचा, जिसके बाद पूरे परिवार में मातम छा गया। मृतक की पहचान बंगाल के आसनसोल निवासी बीरेंद्र सिंह के 8 वर्षीय पुत्र संदीप कुमार के रूप में हुई है। संदीप अपने परिवार के साथ संसारपुर गांव में रिश्तेदारों के यहां आया हुआ था। सोमवार को संदीप सड़क किनारे खड़ा था, तभी शराब के नशे में धुत एक युवक तेज रफ्तार बाइक लेकर आया। अनियंत्रित बाइक ने संदीप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संदीप 20 से 25 फीट दूर जा गिरा। डॉक्टरों ने पटना रेफर किया
दुर्घटना के बाद बाइक सवार युवक बाइक छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से परिजनों ने घायल संदीप को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसे पीएमसीएच पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पीएमसीएच पटना में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में बाइक सवार युवक के प्रति आक्रोश है। पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई है और वह मामले की जांच में जुटी हुई है।
जमुई में तेज रफ्तार बाइक ने बच्चे को मारी टक्कर:पटना में इलाज के दौरान मौत, शराब के नशे में था ड्राइवर, आरोपी युवक फरार
Date:




