![]()
देवघर के जसीडीह औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को 28.55 एकड़ जमीन पर प्रशासन ने दखल दिलाया। इस दौरान ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद भारी पुलिस बल तैनात किया गया और हल्का बल प्रयोग कर ग्रामीणों को हटाया गया। यह जमीन सर्वश्री विराज इंजिकॉन प्राइवेट लिमिटेड को आवंटित की गई है। देवघर के एसडीओ रवि कुमार ने बताया कि इस जमीन का अधिग्रहण वर्ष 1974 में ही कर लिया गया था। अधिग्रहण के बाद उद्योग स्थापित करने के उद्देश्य से सभी कागजी प्रक्रियाएं पूरी कर जमीन आवंटित की गई थी। हालांकि, जमीन पर वास्तविक कब्जा दिलाने के दौरान ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे थे। जियाडा (झारखंड औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण) के अंतर्गत जसीडीह औद्योगिक क्षेत्र में कुल 28.55 एकड़ जमीन सर्वश्री विराज इंजिकॉन प्राइवेट लिमिटेड को आवंटित की गई है। इससे पहले छह बार पदाधिकारियों और पुलिस बल द्वारा दखल दिलाने का प्रयास किया गया था, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के कारण सफलता नहीं मिल सकी थी। शुक्रवार को जब जियाडा की टीम पुलिस बल के साथ जमीन पर कार्य करने पहुंची, तो इसकी सूचना मिलते ही दर्जनों महिला और पुरुष मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने जेसीबी मशीन के आगे खड़े होकर विरोध जताना शुरू कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण होती देख प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। पूरी कार्रवाई एसडीओ रवि कुमार की निगरानी में संपन्न हुई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह जमीन पूर्व में अधिग्रहित है और विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत ही इसका दखल दिलाया गया है। एसडीओ रवि कुमार ने बताया, “जमीन का अधिग्रहण 1974 में हो चुका है। उद्योग स्थापना के लिए विधिवत आवंटन किया गया है। ग्रामीणों के विरोध के बावजूद शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए आज पोजेशन दिलाया गया।”
जसीडीह में 28.55 एकड़ जमीन पर प्रशासन ने दिलाया पोजेशन:ग्रामीणों के विरोध के बावजूद भारी पुलिस बल की तैनाती में कार्रवाई
Date:




