जामताड़ा में दीपिका बेसरा फिर बनीं जिला परिषद अध्यक्ष:निर्विरोध चुनी गईं, उपायुक्त रवि आनंद ने दिलाई शपथ

Date:


जामताड़ा जिला परिषद अध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को समाहरणालय सभागार में चुनाव संपन्न हुआ। इस चुनाव में दीपिका बेसरा को एक बार फिर निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। उपायुक्त रवि आनंद ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई। प्रशासनिक स्तर पर कड़ी निगरानी रखी गई थी और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। इस दौरान जामताड़ा के उपायुक्त रवि आनंद, डायरेक्टर जुगनू मिंज और पंचायती राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि मौजूद रहे। मतदान प्रक्रिया में जिला परिषद के कुल 12 सदस्यों ने भाग लिया। पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राधा रानी सोरेन इस मतदान प्रक्रिया में अनुपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त, एक सदस्य के निधन के कारण जिला परिषद की एक सीट अभी भी रिक्त है। सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव पारित किया था दीपिका बेसरा को निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना महत्वपूर्ण है, क्योंकि पिछले 2022 के चुनाव में वह एक वोट से अध्यक्ष पद से बाहर हो गई थीं। इस बार, सदस्यों द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने के बाद उन्हें निर्विरोध चुना गया। अविश्वास प्रस्ताव पूर्व जिप अध्यक्ष राधा रानी सोरेन के खिलाफ लाया गया था। सदस्यों का आरोप था कि वह सभी सदस्यों को समान भाव से नहीं देखती थीं और अध्यक्ष पद के कार्यों में शिथिलता बरत रही थीं। इन्हीं कारणों से सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव पारित किया था। इस अवसर पर उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि जिला परिषद अध्यक्ष पद के निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय के अनुसार सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला परिषद जिले के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और आने वाले समय में विकास कार्यों को और गति मिलेगी। जिले में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा वहीं, नवनिर्वाचित जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बेसरा ने कहा कि सभी सदस्यों के सहयोग से जिले में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो काम अधूरे रह गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा और सभी क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए मिलकर कार्य किया जाएगा। उन्होंने सभी जिला परिषद सदस्यों और समर्थकों का आभार भी जताया। इस अवसर पर जिप सदस्य सुरेंद्र मंडल, जमौली बास्की, फूलकुमारी देवी, बंदना खातून, रीना देवी के अलावा समर्थक अभय पांडे, नईम अंसारी, मेघनाथ सोरेन, याकूब अंसारी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के बाद सभी लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और माला पहनाकर नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

Join Us WhatsApp