![]()
झारखंड में जहां पिछले कुछ दिनों से गर्मी धीरे-धीरे पैर पसार रही थी, वहीं बीते 24 घंटे में मौसम ने अचानक करवट बदल ली। रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को एक बार फिर हल्की ठंड का एहसास हुआ। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान करीब 2 डिग्री तक लुढ़का। जबकि जमशेदपुर और बोकारो में 3 डिग्री तक की गिरावट रिकॉर्ड की गई। हालात ऐसे रहे कि जहां कुछ दिन पहले तक स्वेटर पहनना भी मुश्किल लग रहा था। वहीं देर रात लोगों ने फिर से रजाई तलाशनी शुरू कर दी। कई इलाकों में सुबह हल्की सिहरन महसूस की गई। मौसम में आए इस अचानक बदलाव ने लोगों को चौंका दिया है। बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का असर रांची मौसम केंद्र के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर पूर्वोत्तर राज्यों के साथ-साथ झारखंड में भी दिख रहा है। वहां से आने वाली ठंडी हवाओं ने रात के तापमान को नीचे धकेल दिया है। पहले जहां न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री के आसपास बना हुआ था। वहीं पिछले 24 घंटे में लोहरदगा का तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां करीब 4 डिग्री की गिरावट देखी गई, जो राज्य में सबसे कम रही। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बदलाव अस्थायी है, लेकिन रात के समय ठंड का असर अगले एक-दो दिन और रह सकता है। होली तक 36 डिग्री पहुंचेगा पारा मौसम विभाग के मुताबिक देवघर, धनबाद, पाकुड़, जमशेदपुर, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री तक रह सकता है। इन इलाकों में रात के समय अपेक्षाकृत कम ठंड महसूस होगी। वहीं दोपहर में अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। विशेषज्ञों ने लोगों को दिन में पर्याप्त पानी पीने और हाइड्रेट रहने की सलाह दी है। रांची मौसम केंद्र का कहना है कि आने वाले दो दिनों में, यानी होली तक, न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। पारा 18 से 20 डिग्री तक जा सकता है, जबकि दिन का तापमान 36 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। ऐसे में इस बार होली गर्मी के बीच मनाए जाने के संकेत मिल रहे हैं। संथाल-कोल्हान में चढ़ेगा पारा रांची मौसम केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज अधिकांश जिलों में दिन का तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। संथाल परगना क्षेत्र में गर्मी का असर अधिक दिखेगा। देवघर और धनबाद में अधिकतम तापमान 33 डिग्री, दुमका व साहिबगंज में 34 डिग्री तथा गोड्डा में 35 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। गिरिडीह, जामताड़ा और पाकुड़ में भी पारा 32 से 33 डिग्री के बीच रहेगा। इन जिलों के मुकाबले कोडरमा में अधिकतम 31 डिग्री, चतरा व गढ़वा में 34 डिग्री, जबकि लातेहार में सिर्फ 25 डिग्री रहने का अनुमान है। लोहरदगा में अधिकतम 29 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री तक जा सकता है। पलामू में अधिकतम 34 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री रहने की संभावना है। रांची में अधिकतम तापमान 30 डिग्री, बोकारो में 34 डिग्री, रामगढ़ व हजारीबाग में 31 डिग्री तथा पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम में 34 से 35 डिग्री तक पारा पहुंच सकता है।
झारखंड में ठंड का यू-टर्न; 3 डिग्री गिरा पारा:बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का असर, लोहरदगा सबसे ठंडा जिला, आज रहेगी गर्मी
Date:




