
जरूरी बातें
PM Modi Brigade Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की परिवर्तन यात्रा के समापन समारोह को संबोधित करते हुए तृणमूल सरकार पर जमकर हमला बोला. पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि तृणमूल सरकार बार-बार संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाती है. जब भी देश में निष्पक्ष चुनाव की बात होती है, तब राज्य सरकार की ओर से विरोध किया जाता है. स्वतंत्र संस्थाओं को निशाना बनाया जाता है. उन्होंने भाषण के अंत में कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर की कविता ‘बिपदे मोरे रक्षा कोरो, ये नहे मोर प्रार्थना, बिपदे आमि ना येन करि भय’ को कोट करते हुए लोगों से निर्भय होकर भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की.
बंगाल की आत्मा को बचाने के लिए है 2026 का चुनाव
प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल चुनाव 2026 बंगाल की आत्मा को बचाने का चुनाव है. यह भयमुक्त समाज के निर्माण का अवसर है. प्रधानमंत्री ने कहा कि यह चुनाव राज्य में परिवर्तन और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का चुनाव होगा. प्रधानमंत्री ने कहा कि ब्रिगेड मैदान में जो भीड़ उमड़ी है, वो बदलाव के संकेत दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस बार परिवर्तन होकर रहेगा. प्रधानमंत्री ने लोगों से कहा कि कुछ लोग डरायेंगे, धमकायेंगे, कहेंगे कि बदलाव नहीं हो सकता, लेकिन जब जनता ठान लेती है, तो बदलाव होकर रहता है.
बंगाल की हालत अब छिपायी नहीं जा सकती – मोदी
प्रधानमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस पर भ्रष्टाचार, कटमनी और खराब राजनीति करने के आरोप लगाये. कहा कि इसकी वजह से किसानों से लेकर मध्यम वर्ग तक का जीवन कठिन हो गया है. प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल की हालत अब छिपायी नहीं जा सकती. कहा कि कुछ दिन पहले पश्चिम मेदिनीपुर के चंद्रकोना इलाके में एक आलू किसान ने आत्महत्या कर ली. उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा भी गंभीर चिंता का विषय है. प्रधानमंत्री के अनुसार, तृणमूल सरकार के जाने के बाद ही गरीबों के लिए पक्के घर बनाने का काम तेजी से शुरू होगा और हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंच पायेगा.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
PM Modi Brigade Rally: आरजी कर और संदेशखाली का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाये. कहा कि बंगाल ने देश विभाजन, दंगे और घुसपैठ से जुड़े कई कठिन दौर देखे हैं. वाम शासन के समय हुई हिंसा और अपराधों को लोग नहीं भूले थे. इसलिए जनता ने तृणमूल को मौका दिया. पीएम मोदी ने दावा किया कि तृणमूल ने उन्हीं आपराधिक तत्वों को संरक्षण देना शुरू कर दिया. कहा कि आज राज्य का कोई भी इलाका पूरी तरह सुरक्षित नहीं है. उन्होंने आरजी कर मेडिकल कॉलेज और संदेशखाली की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि लोग इन मामलों को अभी तक नहीं भूले हैं.
केंद्रीय योजनाओं को रोकने का आरोप
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं को लागू होने से रोक रही है. रोजगार बढ़ाने के लिए केंद्र ने पीएम विश्वकर्मा योजना शुरू की, लेकिन राज्य सरकार इसे लोगों तक पहुंचने नहीं दे रही. गरीबों को मुफ्त बिजली देने की योजना शुरू की गयी, उसे भी लागू होने से रोका जा रहा है. चाय बागान के श्रमिकों को भी कई केंद्रीय योजनाओं से वंचित किया जा रहा है. आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलती है, राज्य सरकार के रवैये के कारण बंगाल के गरीब परिवार इससे वंचित हैं.
इसे भी पढ़ें
बंगाल में बदलाव का समय आ गया, खत्म होगा जंगलराज, ब्रिगेड में गरजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से पहले कोलकाता में बवाल, रणक्षेत्र में तब्दील हुआ गिरीश पार्क
The post टैगोर की कविता से खत्म हुआ पीएम मोदी का भाषण, आरजी कर और संदेशखाली के मुद्दे भी उठाये appeared first on Prabhat Khabar.




