Top 5 This Week

Related Posts

ट्रेन की चपेट में आने से दो की मौत:मेदिनीनगर और हैदरनगर में हुए अलग-अलग हादसे, एक की हो सकी पहचान


पलामू जिले में सोमवार को रेलवे ट्रैक पर हुई दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। इन घटनाओं से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों में एक की पहचान हो गई है, जबकि दूसरा व्यक्ति अज्ञात है। पहली घटना शहर थाना क्षेत्र के बिसफुटा पुल के पास हुई। यहां हमीदगंज कंदाखाड़ मोहल्ला निवासी 62 वर्षीय रामानंद तिवारी ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर उनका शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर रेल पुलिस और शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, रामानंद तिवारी सुबह टहलने के दौरान ट्रेन की चपेट में आ गए। शव का पोस्टमार्टम मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया गया। दूसरी घटना हैदरनगर थाना क्षेत्र में पूर्व मध्य रेल के बीडी रेल खंड पर कोसियारा और हैदरनगर स्टेशन के बीच हुई। यहां एक अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना कोसियारा स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर पहले बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के किनारे शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। हैदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। प्रथम दृष्टया दोनों ही मामलों में ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका जताई जा रही है।

Spread the love

Popular Articles