![]()
खगड़िया में शनिवार को एक डेढ़ साल के मासूम बच्चे की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना परबत्ता नगर पंचायत के वार्ड संख्या 6 तेमथा रामपुर उर्फ रहीमपुर की है। मृतक बच्चे की पहचान सज्जन यादव के डेढ़ वर्षीय नाती प्रशांत कुमार के रूप में हुई है। प्रशांत घर के सामने सड़क के पास खेल रहा था, तभी गेहूं दंवनी के लिए जा रहा एक ट्रैक्टर वहां से गुजरा। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक मोबाइल पर बात करते हुए गाड़ी चला रहा था, जिसके कारण बच्चा उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मां के साथ नानी घर आया था प्रशांत कुमार, रंजीत यादव और काजल देवी का पुत्र था। उसका पैतृक घर नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र में है। वह कुछ दिन पहले अपनी मां के साथ अपने नाना सज्जन यादव के घर तेमथा रामपुर उर्फ रहीमपुर आया हुआ था। घटना के बाद परिजनों में शोक व्याप्त है। बच्चे के नाना सज्जन यादव ने बताया कि उनका नाती घर के सामने दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान सामने से एक ट्रैक्टर आया और चालक की कथित लापरवाही के कारण बच्चा उसकी चपेट में आ गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को किया जब्त सूचना मिलते ही परबत्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया है। परबत्ता थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
डेढ़ साल के मासूम को ट्रैक्टर ने कुचला, मौत:खगड़िया में मां के साथ आया था नानी घर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी किया जब्त
Date:




