
प्रतिनिधि, रातू.
झालसा के मार्गदर्शन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार रांची के सचिव राकेश रौशन की देखरेख में गुरुवार को “कनेक्टिंग टू सर्व (विधिक सेवा आपके द्वार)” जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत रातू प्रखंड के पश्चिमी तारूप पंचायत सचिवालय में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. जिसमें डालसा के चीफ एलएडीसी प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, पीएलवी वीनिता कुमारी, सुनीता देवी, अफरोज अंसारी, पुष्पलता देवी, पूनम देवी, सूजिता देवी, प्रीतम सक्सेना, राजा वर्मा सहित पंचायत की मुखिया अहिल्या कच्छप, उपमुखिया बंधु महतो व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे. शिविर के दौरान चीफ एलएडीसी प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने डाउन कैंप के अंतर्गत नशा मुक्ति, निःशुल्क सरकारी अधिवक्ता की सुविधा, लोक अदालत, घरेलू हिंसा, डायन प्रथा, बाल विवाह निषेध, बाल श्रम के दुष्प्रभाव व रोकथाम, पॉक्सो अधिनियम आदि विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की. इसके अतिरिक्त दिव्यांग पेंशन एवं प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के संबंध में भी जानकारी दी गयी. शिविर में बाल श्रम, बाल तस्करी, दहेज प्रथा, पारिवारिक हिंसा, भूमि विवाद तथा स्पॉन्सरशिप योजना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी लोगों को जागरूक किया गया. शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता के विषय में जानकारी देते हुए उनकी समस्याएं सुनीं गयी तथा समाधान के लिए मार्गदर्शन दिया गया.The post डोर-टू-डोर अभियान के अंतर्गत रातू में विधिक जागरूकता शिविर appeared first on Prabhat Khabar.


