![]()
गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड के लोकाय थाना क्षेत्र में दो जंगली हाथी देखे गए हैं। हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर आसपास के गांवों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। तस्वीरों में दो हाथी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। माना जा रहा है कि ये हाथी अपने झुंड से बिछड़ गए हैं। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम और लोकाय थाना प्रभारी अमित कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और जंगल की ओर न जाने की अपील की है। कुछ दिन पहले भी तिसरी थाना क्षेत्र के धोवापाट-लक्ष्मनिया इलाके में हाथियों को देखा गया था। उस दौरान एक महिला हाथी के हमले में घायल हो गई थी। इसके अगले दिन हेठलीकन्हाय स्थित एक सरकारी विद्यालय में भी हाथियों द्वारा उत्पात मचाने की खबर थी। वनपाल अभिमित राज ने बताया कि लोकाय के नयनपुर-डेलिया जंगल क्षेत्र में दो हाथी देखे गए हैं। उन्होंने भी संभावना जताई कि ये हाथी अपने झुंड से अलग हो गए हैं। विभाग की टीम मौके पर लगातार निगरानी कर रही है। इन लगातार हो रही घटनाओं से इलाके के लोगों में दहशत बनी हुई है। प्रशासन लोगों से सतर्कता बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील कर रहा है।


