![]()
कोंच थाना क्षेत्र के तुतुरखी गांव में बुधवार रात अज्ञात चोरों ने दो सगे भाइयों के घरों को निशाना बनाया। चोर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में लोग सतर्क हो गए हैं। यह घटना मुकेश सिंह और सत्येंद्र सिंह के घरों में हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और इत्मीनान से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित मुकेश कुमार सिंह ने गुरुवार शाम थाने में दिए आवेदन में बताया कि चोरों ने घर की अलमारियों और बक्सों के ताले तोड़कर कई जोड़ी सोने की अंगूठी, नथुनी, मंगलसूत्र सहित अन्य कीमती गहने चुरा लिए। इसके अतिरिक्त, लगभग 1,25,000 रुपये नकद, कपड़े और अन्य घरेलू सामान भी चोरी हुए हैं। चोरी के बाद चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे को बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया था। गुरुवार सुबह जब घर के लोग सोकर उठे, तो उन्होंने दरवाजा बाहर से बंद पाया। काफी मशक्कत के बाद फोन के जरिए पड़ोसियों को बुलाया गया और बाहर से गेट खुलवाया गया। गेट खुलने के बाद जब कमरों की हालत देखी गई, तो परिजनों को चोरी का पता चला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई है। कोंच थाना प्रभारी सुदेह कुमार ने बताया कि चोरी की घटना के संबंध में आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है। उन्होंने जल्द ही चोरों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।
तुतुरखी गांव में दो भाइयों के घरों से चोरी:अज्ञात चोरों ने जेवर और नकदी पर हाथ साफ किया, लाखो की चपत लगाई
Date:




