
मुख्य बातें
Rajya Sabha Election : कोलकाता: सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने संसदीय दल की बैठक बुलाई है. यह बैठक विधानसभा चुनाव से पहले होने जा रहे राज्यसभा की पांच सीटों पर होनेवाले चुनाव के लिए हैं. पश्चिम बंगाल से राज्यसभा की पांच सीटें खाली हो रही हैं. चुनाव आयोग ने इन सीटों के चुनाव की तारीखें घोषित कर दी हैं. इसको देखते हुए तृणमूल कांग्रेस ने राज्यसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों के चयन के लिए मंथन शुरू कर दिया है. उम्मीदवारों के नामों की घोषणा से पहले तृणमूल संसदीय दल की बैठक बुलाई गयी है. इसको लेकर पार्टी के विधायकों को नए निर्देश दिए हैं. विधानसभा में दलगत हिस्सेदारी के अनुसार राज्यसभा की पांच में चार सीटों पर तृणमूल कांग्रेस और एक सीट पर भाजपा उम्मीदवार के जीतने की संभावना है.
प्रस्तावक के रूप में करने होंगे हस्ताक्षर
तृणमूल कांग्रेस की ओर से पार्टी के सभी विधायकों को इस सप्ताह के अंत तक विधानसभा में आकर राज्यसभा के लिए पार्टी के उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों पर प्रस्तावक के रूप में हस्ताक्षर करने को कहा गया है. इसके लिए तृणमूल संसदीय दल ने सभी विधायकों को गुरुवार और शुक्रवार को विधानसभा में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है. तृणमूल कांग्रेस के साकेत गोखले, ऋतब्रता बनर्जी और सुब्रता बख्शी का बंगाल से राज्यसभा सांसद के रूप में कार्यकाल समाप्त हो रहा है. वहीं, मौसम नूर ने तृणमूल छोड़ने के बाद इसी साल 5 जनवरी को राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था. तब से उनकी सीट भी खाली है. इसके अलावा, वाम मोर्चा के विकास रंजन भट्टाचार्य की सीट भी रिक्त हो रही है. इसके लिए तृणमूल कांग्रेस इस सप्ताह तैयारियां पूरी करके उम्मीदवारों के नामों की घोषणा शीघ्र कर सकती है.
बंगाल की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
राज्यसभा चुनाव के कार्यक्रम
चुनाव आयोग ने अधिसूचना जारी कर देश भर में राज्यसभा की 37 सीटों के लिए चुनाव होने की घोषणा की है. आयोग की अधिसूचना के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया 26 फरवरी से शुरू होगी. आधिकारिक अधिसूचना गुरुवार को जारी होने की उम्मीद है. राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च है. नामांकन पत्रों की जांच 6 मार्च को की जाएगी. नामांकन पत्र 9 मार्च तक वापस लिए जा सकते हैं। यदि मतदान की आवश्यकता हुई तो मतदान 16 मार्च को होगा. मतगणना भी उसी दिन होगी. आयोग 20 मार्च तक राज्यसभा चुनाव की पूरी प्रक्रिया संपन्न कर लेगा. बंगाल में अगर तृणमूल के चार और भाजपा का एक उम्मीदवार नामांकन पत्र दाखिल करते हैं, तो मतदान की आवश्यकता नहीं होगी. हालांकि, अगर छह उम्मीदवार नामांकन पत्र दाखिल करते हैं, तो 16 मार्च को मतदान होगा.
Also Read: समर्थकों के दावे पर विधायक ने डाला चूना, तृणमूल में टिकट को लेकर असमंजस में नेता




