![]()
दरभंगा कलेक्ट्रेट परिसर में आज महिला एवं बाल विकास निगम, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार और जिला प्रशासन के संयुक्त देखरेख में ‘पालनाघर’ (क्रेच सेंटर) का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी और जिलाधिकारी कौशल कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और नारियल फोड़कर किया। इस अवसर पर मंत्री मदन सहनी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि ‘पालनाघर’ कामकाजी महिलाओं के लिए सुरक्षित और सहयोगी वातावरण उपलब्ध कराएगा, जिससे वे बच्चों की चिंता से मुक्त होकर अपने कार्यों में ध्यान दे सकेंगी। उन्होंने इसे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम के दौरान नवचयनित सहायक क्रेच वर्कर बेबी कुमारी को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया, वहीं बच्चों के बीच चॉकलेट और गुलाब फूल भी वितरित किए गए। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि यह ‘पालनाघर’ राज्य का 78वां और दरभंगा का दूसरा केंद्र है। इसकी क्षमता 10 बच्चों की है, जिसमें फिलहाल 7 बच्चों का नामांकन हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह सुविधा समाहरणालय और आसपास कार्यरत महिलाओं के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। इसी कार्यक्रम में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के तहत 100 लाभुकों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल भी वितरित की गई। मंत्री मदन सहनी ने बताया कि राज्य में अब तक 30,000 से अधिक ट्राईसाइकिल वितरित की जा चुकी हैं और दिव्यांगता की न्यूनतम सीमा 60% से घटाकर 40% कर दी गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग योजना का लाभ उठा सकें। बच्चों के लिए 500 क्षमता वाले विशेष स्कूल खोले जाएंगे उन्होंने यह भी घोषणा की कि राज्य के सभी प्रमंडलों में मूक-बधिर और नेत्रहीन बच्चों के लिए 500 क्षमता वाले विशेष विद्यालय खोले जाएंगे। साथ ही ‘मुख्यमंत्री सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना’ के तहत बीपीएससी एवं यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाले दिव्यांग अभ्यर्थियों को क्रमशः 50 हजार और 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजना (संबल)’ के तहत जिले में करीब 1300 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से प्रथम चरण में 420 ट्राईसाइकिल हासलि हुई हैं। आज 100 का वितरण किया गया है, जबकि शेष का वितरण 10 अप्रैल से पूर्व कर दिया जाएगा। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त स्वप्निल, वरीय कोषागार पदाधिकारी शंभू कुमार आर्य, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस चांदनी सिंह सहित कई पदाधिकारी, लाभार्थी एवं आमजन उपस्थित रहे।
दरभंगा में मंत्री ने किया पालनाघर का उद्घाटन:दिव्यांगजनों को मिली 100 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, नेत्रहीन बच्चों के लिए खुलेंगे स्कूल
Date:




