![]()
दरभंगा में पटना एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एसटीएफ और सदर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान अंतर्राज्यीय हीरोइन तस्करी गिरोह के कुल 5 तस्करों को अरेस्ट किया गया है। पुलिस ने तस्करों के पास से हेरोइन की खेप बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 से 80 लाख रुपए आंकी जा रही है। ट्रेनी आईपीएस डॉ. केतन अशोक इंगोले ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, पटना से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध तस्कर हीरोइन लेकर दरभंगा के दिल्ली मोड़ बस स्टैंड पहुंचने वाले हैं और वहां से पटना जाने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस से उतरते ही तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 18 पैकेट में 221 ग्राम हीरोइन बरामद की गई। निशानदेही पर पटना में दो और गिरफ्तार गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के बाद पुलिस ने पटना में छापेमारी कर दो अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया। उनकी पहचान मनीष सिंह (30 वर्ष) और कन्हैया कुमार (21 वर्ष) के रूप में हुई है। इनके पास से भी 10 पैकेट हीरोइन बरामद किया गया। दोनों को गिरफ्तार कर स्थानीय थाना को सुपुर्द कर दिया गया है। असम के सिलचर से लाई जा रही थी खेप पूछताछ में खुलासा हुआ है कि हीरोइन की खेप असम (गुवाहाटी/सिलचर) से लाई जा रही थी। तस्कर पहले सिलचर से पूर्णिया पहुंचे और वहां से दरभंगा होते हुए पटना ले जाने की योजना थी। पुलिस को बरामद टिकटों से इस रूट की पुष्टि हुई है। गिरफ्तार तीनों तस्कर मोतिहारी जिले के एक ही गांव के रहने वाले हैं और पहले भी गुवाहाटी में हिरोइन के मामले में पकड़े जा चुके हैं। 40 मिनट में पूरी हुई कार्रवाई पुलिस के अनुसार रात करीब 8:30 बजे सूचना मिली और 9:10 बजे के आसपास संदिग्धों की गिरफ्तारी कर ली गई। पूरी कार्रवाई महज 40 मिनट में पूरी कर ली गई, जो पुलिस की त्वरित कार्रवाई को दर्शाता है। डॉ. इंगोले ने बताया कि पिछले 15 दिनों में सदर थाना क्षेत्र में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले भी करीब 5 किलो गांजा बरामद किया गया था। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार छापेमारी और जांच जारी है। फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं।
दरभंगा में 80 लाख की हेरोइन संग 5 तस्कर अरेस्ट:सिलचर से पूर्णिया के रास्ते पटना ले जाने की तैयारी में थे, मोतिहारी के हैं आरोपी
Date:




