![]()
दुमका के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित रिंग रोड हाईवे पर भीषण सड़क हादसे के बाद आग लग गई। हादसे में चार वाहन जलकर खाक हो गए। घटना में एक व्यक्ति की जलने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। रामपुर की ओर से लाइटर लदा कंटेनर आ रहा था। वहीं विपरीत दिशा से कोयला खाली कर लौट रही एक हाईवा से आमने-सामने टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर में लदे गैस लाइटर के कार्टून सड़क पर बिखर गए और उनमें तुरंत आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आसपास खड़े वाहन इसकी चपेट में आ गए। लिथियम बैटरी वाले कंटेनर में धमाके आग की लपटें तेजी से फैलती हुई पीछे से आ रहे एक अन्य कंटेनर तक पहुंच गईं। बताया जा रहा है कि उस कंटेनर में लिथियम बैटरियां लदी थीं। आग लगते ही बैटरियों में तेज धमाकों के साथ विस्फोट होने लगे, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। कुछ ही मिनटों में दोनों हाईवा और एक कंटेनर पूरी तरह जलकर राख हो गए। गैस लाइटर से भरे पहले कंटेनर में भी बाद में जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे आग और भड़क गई। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग दूर से ही आग की लपटें देखते रहे। दमकल की देरी पर सवाल, एक की मौत की पुष्टि प्रत्यक्षदर्शी मनोज भगत ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद प्रशासन को सूचना दे दी गई थी, लेकिन दमकल की गाड़ी करीब एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची। इस देरी के कारण आग और फैल गई तथा नुकसान बढ़ता चला गया। बाद में दमकल की एक गाड़ी पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना स्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई थी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। मुफस्सिल थाना प्रभारी लॉरेंसिया केरकेट्टा ने बताया कि एक व्यक्ति की जलकर मौत हुई है, जबकि एक अन्य घायल को अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है। चार वाहनों के जलने से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
दुमका रिंग रोड पर चार वाहन जले:लाइटर लदे कंटेनर की हाइवा से टक्कर, एक की मौत, धमाकों से दहला इलाका
Date:




