![]()
देवघर के रिखिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ठाढ़ी गांव स्थित तालाब के पास मैदान में एक अज्ञात युवक की सिरकटी लाश बरामद हुई। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बतायी जा रही है। युवक ने लाल रंग की शर्ट और जींस पैंट पहन रखी थी। घटनास्थल की स्थिति बेहद भयावह थी। युवक का सिर धड़ से अलग पाया गया, जबकि उसकी खोपड़ी करीब 20 फीट की दूरी पर पत्थर से कुचली हुई मिली। मृतक के जबड़े का निचला हिस्सा धड़ में ही फंसा हुआ था। प्रारंभिक जांच में आशंका जतायी जा रही है कि अपराधियों ने युवक की पहचान छिपाने के उद्देश्य से सिर को बुरी तरह कुचल दिया। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। शराब की बोतलें और वाहन की चाबी मिली घटनास्थल से पुलिस ने एक शराब की बोतल, तीन पानी की बोतलें और तीन प्लास्टिक के ग्लास बरामद किए हैं। इसके अलावा मृतक की जींस की जेब से मारुति वाहन की एक चाबी भी मिली है, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक किसी वाहन से यहां पहुंचा था या उसे लाया गया था। मृतक के हाथों पर जख्म के निशान भी पाए गए हैं, जो इस बात की ओर इशारा करते हैं कि घटना से पहले युवक और अपराधियों के बीच संघर्ष हुआ होगा। स्थानीय लोगों के अनुसार, आशंका है कि पहले युवक को शराब पिलाई गई और फिर धारदार हथियार से उसकी हत्या कर सिर धड़ से अलग कर दिया गया। फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉड ने की जांच सूचना मिलते ही एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह और रिखिया थाना प्रभारी प्रभात कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने करीब छह घंटे तक घटनास्थल से 200 मीटर के दायरे में सघन छानबीन की, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉड टीम को बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने करीब तीन घंटे तक जांच कर विभिन्न सैंपल एकत्र किए, जबकि डॉग स्क्वॉड ने भी आसपास के क्षेत्र में खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
देवघर में सिरकटी लाश मिली:पहचान छिपाने के लिए पत्थर से कुचला चेहरा, धड़ से 20 फीट दूर पड़ा था कुचला सिर
Date:




