![]()
धनबाद के ढांगी पहाड़ी शूटिंग रेंज में रविवार को प्रिंस खान के गुर्गों के साथ हुई मुठभेड़ के समय फरार हो गया दूसरा अपराधी बारामुड़ी का दिलीप सिंह भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इसकी गिरफ्तारी के बाद से एनकाउंटर कहानी और साफ हो गई। दरअसल घटना के वक्त स्कूटी से भागने वाला दूसरा अपराधी दिलीप सिंह की बेटी की शादी तय हो चुकी है। मई में बेटी की शादी है। शादी के खर्च के लिए उसे पैसे की व्यवस्था करनी थी, यह नहीं हो पा रहा था। दिलीप शहर के कुछ होटलों में मैनेजर का काम कर चुका है। इन दिनों बेरोजगार है। वह पैसे जुटाने के लिए सुधीश से जुड़ गया। दिलीप के पिता गोल्फ ग्राउंड रोड के पास चाय की दुकान चलाते हैं। गिरफ्तारी के बाद से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। प्रिंस खान से सीधे संपर्क में था घायल सुधीश पूछताछ के क्रम में पुलिस को पता चला है कि मुठभेड़ में पुलिस की गोली से जख्मी हुआ सुधीश प्रिंस के सीधे संपर्क में था। वह रेलवे के ठेकेदारों से रंगदारी वसूलता था। रविवार को दोनों स्कूटी से रेल ठेके से जुड़ी कंपनी एआरएसएस के मैनेजर रजनीकांत तिवारी से रंगदारी वसूलने पहुंचे थे। लेकिन, पुलिस भी वहां पहुंच गई और मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली से सुधीश और अपराधियों की गोली से सरायढेला थाने के दारोगा बालमुकुंद सिंह जख्मी हो गए थे। दोनों का इलाज असर्फी अस्पताल में चल रहा है। इधर, पुलिस का कहना है कि सुधीश व दिलीप गैंग के लिए रंगदारी वसूली में सक्रिय हैं। गोविंदपुर थाने में दर्ज मुठभेड़ की एफआईआर में दोनों के साथ प्रिंस खान और गोपी खान को भी आरोपी बनाया गया है। एफआईआर में जख्मी सुधीश पर प्रिंस-गोपी गैंग के सक्रिय सदस्य होने, रंगदारी के लिए धमकाने, वसूली व पुलिस बल पर जान मारने की नीयत से बम-गोली चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस की डायरी में दर्ज मुठभेड़ की कहानी प्रिंस-गोपी गैंग के बदमाशों की ओर से ठेका कंपनी के मैनेजर रजनीकांत से रंगदारी वसूलने की सूचना मिलने पर पुलिस ने जाल बिछाया। रविवार की सुबह करीब 10 बजे डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर को सूचना मिली, जिसके बाद थाने में सनहा दर्ज कर तीन विशेष टीमें गठित की गईं। पहली टीम की कमान डीएसपी नौशाद आलम, दूसरी की सरायढेला थानेदार मंजीत कुमार और तीसरी की बरवाअड्डा थानेदार रवि कुमार को सौंपी गई। टीम में जोगता थानेदार पवन कुमार, भूली ओपी प्रभारी अभिनव कुमार, लोयाबाद थानेदार पिकू प्रसाद, भौंरा ओपी प्रभारी सुमन सौरभ के साथ दारोगा धीरज कुमार, बालमुकुंद सिंह, अभय कुमार और रिजर्व गार्ड भी शामिल थे। दोपहर 12:55 बजे तीनों टीमें सरायढेला थाना से ढांगी मोड़ पहुंचीं और अपराधियों के आने का इंतजार करने लगीं। शाम करीब 4 बजे गोल बिल्डिंग से बलियापुर जाने वाली सड़क पर नीली स्कूटी से दो संदिग्ध ढांगी मोड़ की ओर आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे स्कूटी घुमाकर उल्टी दिशा में भागने लगे। इसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया। शूटिंग रेंज के पास बैरिकेडिंग के मुठभेड़ भागते हुए बदमाश भुईंफोड़ मंदिर के आगे धनबाद पब्लिक स्कूल वाली सड़क की ओर मुड़ गए। शूटिंग रेंज के पास बैरिकेडिंग के बगल से निकलने की कोशिश में संकरे रास्ते पर स्कूटी असंतुलित होकर गिर गई। पीछा करती पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को पास आते देख स्कूटी चला रहा बदमाश झोले से पिस्टल निकाल लिया, जिस पर दारोगा बालमुकुंद सिंह उससे भिड़ गए। हाथापाई के दौरान बदमाश ने फायरिंग कर दी, जिससे गोली बालमुकुंद के बाएं हाथ में लग गई। वे मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। इसी बीच दूसरे बदमाश ने बम फोड़ दिया और धुएं का फायदा उठाकर झाड़ियों की ओर भाग निकला। पहले बदमाश ने भी एक बम फेंका, लेकिन वह फटा नहीं। पुलिस ने उसे सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन उसने फिर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसके पैर में गोली मार दी, जिससे वह घायल होकर वहीं गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। ——————————————————————- इसे भी पढ़ें… धनबाद में पुलिस-अपराधियों के बीच मुठभेड़:प्रिंस गैंग का शूटर और एसआई घायल; बम भी बरामद, अस्पताल में दोनों इलाजरत धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र में धनबाद पब्लिक स्कूल के पास पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान कुख्यात प्रिंस गैंग का एक शूटर और एक पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मी सरायढेला थाना के सब-इंस्पेक्टर (एसआई) बालमुकुंद हैं, जबकि घायल अपराधी की पहचान सुजीत ओझा के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए धनबाद के असरफी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। यहां पढ़ें पूरी खबर..
धनबाद एनकाउंटर मामला; दूसरा आरोपी अरेस्ट:बेटी की शादी के खर्च के लिए बना था गैंग का साथी, शहर के होटलों में रहा चुका है मैनेजर
Date:




