Top 5 This Week

Related Posts

धनबाद के नुनूडीह में सड़क जाम:जलजमाव और जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन


धनबाद के सुदामडीह थाना क्षेत्र के नुनूडीह में बुधवार को स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने लंबे समय से चली आ रही जलजमाव और जर्जर सड़क की समस्या को लेकर माले नेता सबूर गोराई के नेतृत्व में यह विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर कई बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। सड़क किनारे पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई मिट्टी को भी बिना भराई के छोड़ दिया गया है, जिससे कई लोग गड्ढों में गिरकर घायल हो चुके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पाइपलाइन में लीकेज के कारण लगातार पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे स्थिति और खराब हो गई है। माले नेता सबूर गोराई ने जानकारी दी कि इस समस्या को लेकर पहले भी सांकेतिक प्रदर्शन किया गया था। उस समय प्रशासन ने रामनवमी के बाद सड़क की मरम्मत और पाइपलाइन को दुरुस्त करने का आश्वासन दिया था। हालांकि, अब तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण ग्रामीणों को दोबारा सड़क जाम करने पर मजबूर होना पड़ा। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर सुदामडीह थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की और तत्काल अंचलाधिकारी से संपर्क स्थापित कराया। प्रशासन द्वारा दो से तीन दिनों के भीतर समस्या के समाधान का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।

Spread the love

Popular Articles