![]()
रांची, धनबाद, गिरिडीह और बोकारो जिले में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर इन दिनों अफरातफरी का माहौल है। बुधवार को शहर और आसपास के क्षेत्रों में गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। उपभोक्ताओं में गैस स्टॉक खत्म होने की आशंका है, जिसके चलते वे जल्द से जल्द सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों का रुख कर रहे हैं। कुछ स्थानीय लोगों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे युद्ध और आपूर्ति प्रभावित होने की चर्चाओं ने इस आशंका को और बढ़ा दिया है। इधर, अमेरिका-इरान के बीच बढ़ते तनाव की खबरों के बाद धनबाद में भी रसोई गैस सिलेंडर को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। अफवाहों के कारण कई लोग गैस एजेंसियों पर पहुंचकर सिलेंडर लेने लगे हैं, जिससे कई जगह लंबी कतारें देखी जा रही हैं। एजेंसियों के बाहर कतार में खड़े नजर आए
सुबह से ही लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों के बाहर कतार में खड़े नजर आए। कई जगहों पर उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। भीड़ अधिक होने के कारण कई लोगों को बिना सिलेंडर लिए ही वापस लौटना पड़ा। कई लोगों को ओटीपी संदेश नहीं मिल रहे
उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि समय पर गैस की आपूर्ति नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि कई लोगों को ओटीपी संदेश नहीं मिल रहे हैं, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नया स्टॉक पहुंचते ही समस्या का होगा निदान
वहीं, गैस एजेंसी संचालकों ने बताया कि आपूर्ति में थोड़ी देरी हुई है, लेकिन नया स्टॉक पहुंचते ही सभी उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध करा दी जाएगी। लोगों ने प्रशासन से भी गैस की आपूर्ति सुचारु रूप से सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आम उपभोक्ताओं को परेशानी न हो। सुबह 6 बजे से सिलेंडर के लिए लंबी कतार
इधर, राजधानी रांची में भी रसोई गैस की भारी किल्लत से उपभोक्ता परेशान हैं। गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों को सुबह से ही लंबी कतार में लगना पड़ रहा है। चेशायर होम रोड स्थित अदिति गैस एजेंसी में उपभोक्ताओं की लंबी लाइन देखी गई। अधिकतर लोग गैस एजेंसी खुलने से पहले सुबह छह बजे से ही लाइन पर लग गए थे।
धनबाद-गिरिडीह, रांची में घरेलू गैस को लेकर अफरातफरी:स्टॉक खत्म होने की आशंका से एजेंसियों पर भीड़, उपभोक्ता घंटों लाइन में लग रहे
Date:




